चरखी दादरी। नागरिकों की शिकायतों को लेकर लचर रवैया अपनाने वाले जिला के अधिकारियों के खिलाफ निश्चित तौर पर कार्रवाई होगी। शिकायतों के समाधान के लिए किए गए कार्य को लेकर संबंधित अधिकारी की एसीआर में भी दर्ज किया जाएगा। उपायुक्त मुनीश शर्मा ने समीक्षा बैठक में शिकायतों को लंबित रखने वाले अधिकारियों की क्लास लगाई।
जिला के नागरिकों की ओर से विभिन्न मुद्दों को लेकर की गईं शिकायतों की शुक्रवार को उपायुक्त मुनीश शर्मा ने समीक्षा की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाली प्रत्येक शिकायत का निपटारा एक सप्ताह में होना चाहिए। अगर किसी शिकायत का मामला योजना या मुख्यालय से संबंधित है तो उसकी विस्तृत रिपोर्ट दी जाए। साथ ही शिकायत के समय की और बाद की फोटो पोर्टल पर अपलोड करें।
उन्होंने कहा कि शिकायतों को लंबित रखने वाले अधिकारी अपनी कार्यशैली काे बदल लें अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि जिले के सभी अधिकारियों की कार्यों के प्रति प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी और इसमें शिकायतों को निपटाने के लिए किए गए प्रयासों पर विशेष निगरानी होगी। अधिकारियों के प्रयासों एवं प्रगति की रिपोर्ट को संबंधित अधिकारी की एसीआर में भी दर्ज किया जाएगा।