क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाने के लिए दादरी नागरिक अस्पताल के गेट के पास चिह्नित की गई खाली जगह।
चरखी दादरी। स्वास्थ्य विभाग जल्द ही दादरी नागरिक अस्पताल में 100 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनवाएगा। इस परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है और सीसीबी भवन के निर्माण की निविदा प्रक्रिया मुख्यालय स्तर से पूरी की जानी है। इसके बाद गंभीर मरीजों को यहीं उपचार मिल सकेगा और उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर करने का झंझट भी खत्म होगा।
बता दें कि नागरिक अस्पताल की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में विभाग जल्द ही इजाफा करने जा रहा है। इसके लिए अस्पताल परिसर में अब क्रिटिकल केयर ब्लॉक (नाजुक मरीजों की देखभाल का ब्लॉक) बनाया जाएगा। इसकी मंजूरी मिल चुकी है।
दरअसल, मुख्यमंत्री ने बजट में गंभीर मरीजों की सुविधा के प्रत्येक जिला के नागरिक अस्पताल में क्रिटिकल केयर यूनिट बनाने की घोषणा की थी। इसके बाद मुख्यालय ने हर जिले से इसके लिए प्रस्ताव मांगे थे। जिला स्वास्थ्य विभाग ने इसके बाद नागरिक अस्पताल में यूनिट बनाने का प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए मुख्यालय भेजा था, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।
क्रिटिकल केयर यूनिट के जरिये नागरिक अस्पताल में गंभीर बीमारी के मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने की योजना है। इसके लिए अलग से भवन बनाया जाएगा और मरीजों के लिए 100 बेड का प्रबंध रहेगा। इसके बाद गंभीर मरीजों व दुर्घटना में घायलों को नागरिक अस्पताल में ही बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी और उन्हें रोहतक पीजीआई या अन्य जिलों के अस्पतालों में रेफर भी नहीं करना पड़ेगा।