हरियाणा की विजेता टीम के साथ कोच।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। हरियाणा की बेटियों ने पंजाब के फरीदकोट में 25 से 28 नवंबर तक आयोजित 52वीं जूनियर नेशनल बालिका कबड्डी प्रतियोगिता में हरियाणा की जूनियर कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले में हरियाणा की टीम ने हिमाचल प्रदेश को 29-23 के अंतर से पराजित कर लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। सेमीफाइनल मुकाबले में भी टीम ने राजस्थान की मजबूत चुनौती को शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। निर्णायक मुकाबले में खिलाड़ियों ने आत्मविश्वास और तालमेल के साथ खेलते हुए हिमाचल प्रदेश को छह अंकों से पीछे छोड़ दिया।
इस उपलब्धि पर एसोसिएशन के चेयरमैन एवं कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, अध्यक्ष अनिल कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय खिताब जीतना हरियाणा की खेल प्रतिभा, मजबूत खेल संस्कृति और बेटियों की मेहनत का प्रमाण है।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों ने अपने अनुशासन, समर्पण और संघर्ष से यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर अभ्यास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि यह स्वर्ण पदक उनकी खेल यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है, मंजिल नहीं। खिलाड़ी इसी लगन और मेहनत के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जाता रहेगा। इस अवसर पर महासचिव नसीब जांघू सहित एसोसिएशन के सभी पदाधिकारियों ने भी विजेता टीम को बधाई दी।