बाढड़ा। कस्बे के सतनाली रोड स्थित एक एकेडमी में विश्वकप कबड्डी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता टीम की सदस्य खिलाड़ी रितु श्योराण का सम्मान किया गया।
खिलाड़ी को खुली जीप में सवार कर विजयी जुलूस निकाला गया। कस्बे के क्रांतिकारी चौक से हंसावास खुर्द तक विजयी जुलूस निकाला गया। भलेगिरी महाराज के सानिध्य में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में एशियन सर्कल कबड्डी महासचिव कुलदीप दलाल ने कहा कि बांग्लादेश की राजधानी ढाका में आयोजित द्वितीय महिला वर्ल्ड कप कबड्डी चैंपियनशिप में भारत की महिला कबड्डी टीम ने इतिहास रचते हुए जीत हासिल की। इस शानदार जीत में हरियाणा के काकड़ौली की बेटी रितु श्योराण का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने बताया कि रितु ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन कौशल, तेज रणनीति और अद्भुत मनोबल का परिचय दिया।
रितु श्योराण के पति नसीब जांघू ने एमच्योर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया व एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। खिलाड़ी रितु श्योराण ने अपने अभिनंदन पर सभी सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों का आभार प्रकट किया। इस अवसर पर एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन हरियाणा के महासचिव नसीब जांघू, श्योराण खाप पच्चीस अध्यक्ष बिजेंद्र बेरला, सुमेर सिंह भांडवा, झोझू कलां पुलिस थाना प्रभारी रमेश कुमार, रणजीत सिंह, ईश्वर जांघू, पूर्व सरपंच राजबीर सिंह, सरपंच सतपाल सिंह आदि मौजूद रहे।