चरखी दादरी। दादरी नगर परिषद कचरा मुक्त शहर का तमगा पाने के लिए पहली बार मैदान में उतरी है। हाल ही में अधिकारियों ने तीन स्टार रैंक पाने के लिए आवेदन किया है। ओडीएफ++ के लिए भी आवेदन किया है। इन दोनों श्रेणियों में हुए आवेदन के बाद जल्द ही संबंधित टीम शहर में व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचेगी।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 में दादरी नगर परिषद का प्रदर्शन निराशाजनक रहा था। एक लाख से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में दादरी राष्ट्रीय स्तर 1,863वें रैंक पर रहा था जबकि इससे पहले वर्ष 2022 के स्वच्छता सर्वेक्षण में शहर को 18वीं रैंक मिली थी। अधिकारियों ने स्वच्छता रैंक में सुधार करने के लिए कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए हैं।
स्वच्छ भारत मिशन की ओर से भी स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अहम बात यह है कि तीन स्टार रैंकिंग पाने के लिए पहली बार आवेदन किया गया है। आवेदन की अंतिम तिथि 10 दिसंबर है, लेकिन स्थानीय अधिकारी आवेदन करने की पुष्टि कर चुके हैं। ओडीएफ ++ के लिए भी आवेदन किया गया है जबकि शहर खुले में शौचमुक्त (ओडीएफ) पहले ही घोषित हो चुका है।
- 9,500 में से यूं मिलेंगे प्रबंधों को अंक
तीन स्टार रैंकिंग के लिए जल्द ही टीम दादरी शहर पहुंचेगी। यह टीम 9,500 अंकों को जेहन में रखते हुए व्यवस्थाएं एवं स्वच्छता के प्रबंध जांचेगी। 9,500 में से 5,705 अंक सेवा के रहेंगे जबकि 2,500 अंक प्रमाणन और 1,295 अंक जनता की रायशुमारी (फीडबैक) के रहेंगे। इन अंकों के आधार पर भी शहर की रैंकिंग तय होगी।
- ये काम करवाए जाएंगे
स्वच्छ भारत मिशन की जिला प्रभारी ज्योति शर्मा ने बताया कि स्वच्छता रैंकिंग को बेहतर करने के लिए नगर परिषद की ओर से सभी सार्वजनिक शौचालयों की दशा सुधारी जाएगी और इसके लिए अभियंत्रण शाखा एस्टिमेट तैयार कर रही है। सभी सार्वजनिक शौचालयों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर वॉल पेंटिंग करवाकर लोगों को आसपास सफाई रखने का संदेश दिया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर चिपकाने वालों पर भी कार्रवाई होगी।
- नगर परिषद के कर्मचारी लगाते हैं झाडू, एजेंसी की टीमें उठातीं हैं कचरा
दादरी शहर की मौजूदा सफाई व्यवस्था दो भागों में विभाजित है। नगर परिषद कर्मचारी और एजेंसी के कर्मचारी अलग-अलग काम कर रहे हैं। शहर की सड़कों और गलियों में झाडू नगर परिषद कर्मचारी लगाते हैं जबकि अस्थायी डंपिंग प्वाइंट्स और करीब 25,000 प्रतिष्ठानों से कचरे का उठान एजेंसी की टीमें करती हैं।
थ्री स्टार रैंकिंग और ओडीएफ++ के लिए दादरी नगर परिषद ने पहली बार आवेदन किया है। सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहे हैं। शहरवासियों से अपील है कि इसमें सहयोग कर दादरी शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण में अच्छे अंक दिलाएं। - विश्वजीत चौधरी, नगर आयुक्त एवं अतिरिक्त उपायुक्त, चरखी दादरी।