चरखी दादरी। जिला उपायुक्त मनदीप कौर ने शुक्रवार सुबह लघु सचिवालय में समाधान शिविर के तहत फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं को त्वरित समाधान करने के आदेश भी दिए। उपायुक्त ने कहा कि शिकायतों के निराकरण में ढिलाई कतई बर्दाश्त नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान करने में समाधान शिविर कारगर साबित हो रहे हैं। परिवार पहचान पत्र, राशन कार्ड, विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, नगर परिषद से जुड़ी समस्याओं, पंचायती राज या फिर किसी अन्य विभाग की समस्या हो तो शिविर में उनका समाधान कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य एक छत के नीचे लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान करना है। इससे लोगों को एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय, कक्ष या टेबल पर जाने की जरूरत नहीं है।
ग्रामीणों ने उठाई खाली जमीन पंचायत को सौंपने की मांग
चरखी दादरी। गांव पैंतावास खुर्द के ग्रामीणों ने चकबंदी के बाद बची खाली जमीन पंचायत को सौंपने की मांग की है। नंबरदार राजेश, अजायब, चंद्रभान, धर्मपाल सांगवान, पवन शर्मा, शमशेर जांगड़ा, मुकेश फौजी, सूबेदार रणधीर यादव, महिपाल, राजेश, संदीप, सतीश सांगवान, राजेंद्र, सतीश पूनिया, सत्यवान, बिल्लू सांगवान ने बताया कि गांव में चकबंदी का कार्य 2015-16 में पूरा होने के बाद 2021-22 में सभी जमाबंदी पूरी हो गई थी। जमीन का रिकॉर्ड भी ऑनलाइन हो चुका है जबकि पंचायत को पंचायती भूमि नहीं मिली है। यदि यह जमीन ग्राम पंचायत को मिल जाए तो आमदनी का स्रोत बढ़ सकता है। यह राशि विकास कार्यों पर खर्च की जा सकती है। इन लोगों ने प्रशासन से अवैध कब्जे भी हटवाने और श्मशान घाट की चहारदीवारी का निर्माण करवाने की मांग की है।