चरखी दादरी। बारिश के बाद शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बनी जलभराव की स्थिति आमजन के साथ प्रशासन के लिए भी चुनौती बनी है। इस समय प्रशासन और जनस्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता जल निकासी की है, लेकिन अधूरे संसाधन और पानी न डालने का कोई विकल्प न होना सबसे बड़ी अड़चन है। तमाम पहलुओं को देखते हुए विभाग ने जलभराव वाले क्षेत्रों को 7 जोन में बांट दिया है। प्रत्येक जोन की कमान एक अधिकारी को दी गई और वो अपने क्षेत्र में निकासी में आ रही तमाम बाधाओं को दूर भी करवा रहे हैं। सोमवार को शहर में कुछ जगहों से पानी कम हुआ जबकि मुख्य बाजार समेत पुरानी सब्जी मंडी रोड पर समस्या अभी भी बरकरार है।
बता दें कि शहर में पिछले दस दिनों से जलभराव की समस्या बनी है। विभाग और प्रशासन चाहकर भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों से अभी पानी की निकासी नहीं करवा पाए हैं और इसके चलते लोगों में रोष है। व्यापारी और आम लोग विभाग से लगातार जल निकासी की मांग कर रहे हैं। जल निकासी बड़ी चुनौती है और इसे देखते हुए विभाग ने शहर को 7 जोन में बांट दिया है। इतना ही नहीं, दादरी जनस्वास्थ्य विभाग में अधिकारियों की कमी होने के चलते दूसरे जिलों से भी अधिकारी बुलाए हैं, जो जल निकासी होने तक दादरी में अपनी सेवाएं देंगे।
प्रशासन की योजना है कि जल्द से जल्द शहर को जलभराव से निजात दिलाई जाए। इसे योजना को परवान चढ़ाने के लिए अधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई हैं। इन तमाम प्रयासों के बावजूद भी शहर से पानी निकासी की गति बेहद धीमी है। शहर के मुख्य बाजार में अभी भी दो फुट तक पानी भरा हुआ है। जलभराव होने से शहर के दुकानदारों को करोड़ो रुपये का नुकसान हो चुका है। अभी भी इन क्षेत्रों से पानी निकासी नहीं हो पाई है।
-300 दुकानें पिछले दस दिन से बंद
शहर के मुख्य बाजार, पुरानी सब्जी मंडी रोड, कोर्ट रोड, लाला लाजपत राय चौक के पास व काठ मंडी क्षेत्र में दस दिन पहले आई बारिश का पानी अभी तक नहीं निकला है। इसके चलते 300 दुकानें पिछले 10 दिनों से बंद पड़ी हैं। जिससे व्यापारियों को प्रतिदिन करीब एक करोड़ का फटका लग रहा है। दुकानदारों ने जिला प्रशासन से पीड़ित दुकानदारों को उचित मुआवजा दिलवाने की मांग की है, ताकि जलभराव में सामान खराब होने से नुकसान की भरपाई हो सके।
- पानी निकासी के लिए जिले में तैनात हैं ये अधिकारी
जलभराव की गंभीर समस्या से निपटने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग ने शहर में दो एक्सईएन, तीन एसडीओ व सात जेई तैनात किए हुए हैं। एसडीओ और 4 जेई बाढड़ा, भिवानी, बाढड़ा, सिवानी व तोशाम से बुलाए गए हैं। वहीं, एसई भी कई दिनों तक दादरी शहर में डेरा डाले हुए हैं और पानी निकासी की पल-पल अपडेट ले रहे हैं।
- इधर... गांधीनगर के लोगों का धरना भी जारी
पानी निकासी की मांग को लेकर गांधीनगर के लोगों का धरना सोमवार को भी जारी रहा। आंदोलनरत लोगों ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे नरेंद्र दहिया ने बताया कि सीसीआई परिसर और बाजार में भरे पानी की निकासी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। वार्डवासियों की मांग है कि बाजार की तर्ज पर प्रशासन सीसीआई परिसर से भी पानी की निकासी करवाएं।
शहर में बनी जलभराव की स्थिति पर नजर रखने के लिए पिछले दस दिनों से दादरी में ही रुका हुआ हूं। जलभराव वाले क्षेत्रों में लगीं मोटरों को देखने के लिए देर रात तक नजर रखी जा रही है। कर्मचारी और अधिकारी शहर से पानी निकासी के लिए लगे हुए है। चार प्वाइंटों पर ट्रैक्टर लगाए हुए हैं जबकि 12 माेटरें भी चालू हैं।
-दलबीर सिंह, एसई, जनस्वास्थ्य विभाग