10 जून से लेकर 12 जुलाई तक जिला प्रशासन के पास पहुंचीं 1200 शिकायतें, 1050 का प्रशासन ने करवाया समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। प्रदेश सरकार की ओर से शुरू की गई समाधान शिविर नामक नई पहल से आमजन को राहत मिल रही है। दादरी जिला प्रशासन ने करीब 89 प्रतिशत शिकायतों का समाधान किया है। इसके साथ ही दादरी प्रदेश में पहले स्थान पर रहा है। अब तक समाधान शिविर में प्रशासन के पास 1200 शिकायतें पहुंची हैं। इनमें से 1070 फरियादियों की समस्याओं का निवारण हो चुका है।
बता दें कि सरकार के निर्देशों पर गत 10 जून से सभी जिलों में उपायुक्त की अध्यक्षता में समाधान शिविर का आयोजन शुरू हुआ था। इसे एक माह पूरा हो चुका है। इसके तहत दादरी जिले में जिला उपायुक्त मनदीप कौर स्वयं अपने कार्यालय में फरियादियों की न केवल समस्याएं सुन रही हैं बल्कि समाधान भी सुनिश्चित कर रही हैं। एक माह में 89 प्रतिशत शिकायतों का समाधान होना इसकी बानगी है।
समाधान शिविर के प्रति प्रशासन का नजरिया साफ है। उपायुक्त का प्रयास है कि ज्यादा से ज्यादा शिकायतों का समाधान कराया जाए। उपायुक्त की सख्ती का नतीजा है कि दादरी जैसे कम संसाधनों वाले जिले में समाधान शिविर के माध्यम से काफी अच्छा काम किया जा रहा है।
ये शिकायतें पहुंचीं अधिक
अभी तक आईं शिकायतों के आंकड़ें देखें तो ज्यादातर पीपीपी, पुलिस, जनस्वास्थ्य विभाग, पंचायत विभाग, अवैध कब्जे, प्रॉपर्टी आईडी आदि से संबंधित हैं। इनमें ज्यादातर से शिकायतों का समाधान किया जा चुका है। अब जिला शिकायतों के समाधान में पूर प्रदेश में अग्रणी स्थान पर है।
अवैध कब्जे और जलभराव सबसे बड़ी समस्या
उपायुक्त मनदीप कौर का कहना है कि दादरी जिला में विभिन्न विभागों के माध्यम से काम करने के लिए बहुत कुछ है। शिविर में सार्वजनिक समस्याओं एवं मांगों के अलावा आपसी मामले भी आ रहे हैं। दादरी जिले में अवैध कब्जे और जलभराव बड़ी समस्या है। सार्वजनिक सहित आपसी मामलों को लेकर भी प्रशासन की ओर से नियमों के तहत तत्परता से कार्रवाई की जा रही है।
फोटो 01
शुक्रवार को समाधान शिविर में फरियादी की समस्या सुनते अतिरिक्त उपायुक्त डॉ. जयेंद्र सिंह व मौजूद एसपी पूजा वशिष्ठ। स्रोत : जनसंपर्क विभाग