चरखी दादरी। गांव खेड़ी बूरा स्थित सांगवान खाप के ऐतिहासिक दादा सांगू धाम में 10 दिसंबर को आयोजित होने वाले दादा सांगू जन्मोत्सव व सम्मान समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को लेकर खाप के प्रबुद्ध लोगों व आयोजन से जुड़ी विभिन्न कमेटियों की बैठक का आयोजन रविवार को किया गया। बैठक में समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए खाप सांगवान के प्रधान सोमबीर सांगवान और सचिव नरसिंह डीपीई ने अभी तक की तैयारियों की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते और सुनिश्चित किया कि कार्यक्रम में आने वाले आगंतुकों और सम्मानित होने वाली प्रतिभाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
खाप प्रधान सोमबीर सांगवान ने बताया कि यह आयोजन सामाजिक समरसता का प्रतीक होगा। कार्यक्रम में सांगवान खाप क्षेत्र की 36 बिरादरी की उन प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इसके अलावा देश-विदेश में रह रहे सांगवान समुदाय के बच्चे, जिन्होंने अपनी उपलब्धियों से समाज का मान बढ़ाया है, उन्हें भी सम्मानित किया जाएगा।
खाप सचिव नर सिंह डीपीई ने बताया कि समारोह में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले बलिदानियों की वीरांगनाओं को भी सम्मानित किया जाएगा। इस वर्ष एक नई पहल करते हुए गांव इमलोटा की प्रतिभाओं को भी सम्मान समारोह में शामिल करने का निर्णय लिया गया है।
खाप पदाधिकारियों ने बताया कि सम्मान समारोह के लिए पंजीकरण प्रक्रिया के तहत अभी तक करीब 200 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। खाप प्रतिनिधियों ने सभी लोगों से कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की है।