संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। गांव खेड़ी बूरा स्थित दादा सांगू धाम पर 10 दिसंबर को दादा सांगू के जन्मोत्सव कार्यक्रम एवं प्रतिभा सम्मान समारोह के िलए सांगवान खाप के प्रधान सोमबीर सांगवान की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया।
सांगवान खाप के सचिव नरसिंह डीपी ने स्टेज प्रबंधन, भंडारा प्रबंधन, प्रतिभा चयन पर चल रहे कार्यों का जायजा लिया। खाप प्रधान सोमबीर सांगवान व सचिव नरसिंह ने बताया कि प्रतिभा चयन की एक नई श्रेणी को जोड़ा गया है। खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर सब जूनियर, जूनियर व सीनियर स्तर पर स्वर्ण, रजत आैर कांस्य पदक विजेता व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में भाग लेने वाले खिलाडिय़ों को सम्मानित किया जाएगा।
राजकीय संस्थान से एमबीबीएस, आईआईटी, आईआईएम पास आउट, एनडीए, सीडीएस, ओटीए, एफ-कैट, यूपीएससी चयनित, अर्धसैनिक बल, गैलेंटरी अवॉर्ड, पुलिस पदक, माउंट एवरेस्ट विजेता पर्वतारोही, 10वीं, 12वीं कक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय रहे विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।
इसी प्रकार, सरकारी विश्वविद्यालय से स्नातक व स्नातकोत्तर टॉपर्स, भारतीय प्रशासनिक सेवा, राज्य सिविल सेवा व न्यायिक सेवा में चयनित को भी सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि उपरोक्त श्रेणियों में वर्ष 2019, 2020 व 2024 में चयनित व पास आउट प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा वर्ष 2021, 2022 व 2023 में सम्मान से वंचित रही प्रतिभाओं को भी इस समारोह में सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सम्मान समारोह में भिवानी के सांसद धर्मबीर सिंह, बागपत सांसद राजकुमार सांगवान, सांगवान खाप के पूर्व व वर्तमान विधायकों को भी सम्मानित किया जाएगा। खाप सचिव नरसिंह ने संचालन किया।
इस दौरान कन्नी-13 प्रधान सूरजभान झोझूकलां, सुरेंद्र कुब्जा नगर, ज्वाइंट डायरेक्टर अजीत सिंह, सुंदर, मास्टर प्रताप, प्रेम सिंह, जयभगवान, चंद्रेश आर्य, रविंद्र बादल आदि मौजूद रहे।