चरखी दादरी। साइबर अपराधियों ने जिले के गांव छपार निवासी युवक के व्हाट्सएप पर परिचित के मोबाइल नंबर से इनविटेशन कार्ड के रूप में एपीके फाइल भेजकर खाते से 71 हजार रुपये की धोखाधड़ी की घटना को अंजाम दे दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव छपार निवासी रविंद्र ने साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दादरी न्यायालय में स्टेनो के पद पर कार्यरत है। उनका मोबाइल नंबर उनके व उनकी पत्नी के बैंक खाते से लिंक हैं जिसे वह यूपीआई में भी इस्तेमाल करते हैं। गत दो दिसंबर को उनके व्हाट्सएप पर एक परिचित के नंबर से एपीके फाइल के तौर पर इनविटेशन कार्ड आया। जब उन्होंने उस फाइल को ओपन किया तो कुछ समय बाद उनके फोन पर अलग-अलग नंबर से कॉल और मैसेज आने लगे।
चार दिसंबर को फ्रॉडकर्ता ने उनके खाते में बचे हुए रुपये उनकी पत्नी के खाते में ट्रांसफर कर दिए। उसके बाद अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से उनके खातों से रुपये किसी अनजान खातों में ट्रांसफर कर दिए। साथ ही उनकी पत्नी के खाते में करीब 15 हजार रुपये किसी अनजान व्यक्ति की ओर से आने पाए गए।
उन्होंने बताया कि फ्रॉडकर्ता ने उनके व उनकी पत्नी के खातों से 71,208 रुपये की धोखाधड़ी की है। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।