फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाजरे की आड़ में मार्केट फीस भरे बिना ही मंडी से निकलवाई गईं सरसों से भरी गाड़ियां

विज्ञापन
विज्ञापन
जब बाड़ ही खेत को खाने लग जाए तो बेचारा खेत क्या करे....यह कहावत नई अनाज मंडी में हुए सरसों की मार्केट फीस चोरी प्रकरण पर सटीक बैठ रही है। आढ़तियों के रिकॉर्ड में अंतर पकड़ में आने पर एक तरफ जहां सहायक सचिव के खिलाफ नौ हजार रुपये प्रति गाड़ी उगाही करने का आरोप लगा है, वहीं इस मामले से जुड़ी 12 कॉल रिकॉर्डिंग भी सामने आई हैं। ऑडियो रिकॉर्डिंग से खुलासा हुआ है कि बिना मार्केट फीस भरे दादरी अनाज मंडी से बाजरा की आड़ में सरसों से भरी गाड़ियां निकलवाई गईं। मार्केट कमेटी के अधिकारियों का कहना है कि इनकी भी जांच चल रही है। हालांकि शनिवार को टीम जांच के लिए चौथे दिन मंडी नहीं पहुंची।
विज्ञापन

मार्केट कमेटी सूत्रों के अनुसार रिकॉर्डिंग में तत्कालीन सहायक सचिव और सिक्योरिटी गार्ड जितेंद्र शर्मा के बीच हुई बातचीत है। इसमें सहायक सचिव सिक्योरिटी गार्ड को फोन पर उन गाड़ियों के नंबर बता रहा है जिन्हें सांठगांठ कर बिना रुकावट मंडी के अंदर या बाहर भेजना था।
रिकॉर्डिंग के अनुसार मार्केट फीस भरवाने की बजाय अपनी जेब भरने वाले अधिकारी और कर्मचारी ने मंडी की टीन शेड के नीचे रखे बाजरा की आड़ में भी कई गाड़ियां निकलवाई हैं। रिकॉर्डिंग में एक और कर्मचारी समेत दो फर्म और कुछ गाड़ियों के नंबर सामने आए हैं।
विज्ञापन

मामले में सिक्योरिटी गार्ड बौंदकलां निवासी जितेंद्र शर्मा और तत्कालीन सहायक सचिव के बीच हुई बातचीत की ये रिकॉर्डिंग आठ सेकंड से लेकर एक मिनट 41 सेकंड तक की हैं। कुछ रिकॉर्डिंग में जहां कोड वर्ड में बात हुई है, तो कुछ में दोनों के बीच गाड़ियां निकलवाने को लेकर भी बातचीत हुई है। मार्केट कमेटी सूत्रों के अनुसार कुछ समय तक फोन कॉल करने के बाद तत्कालीन सहायक सचिव और सिक्योरिटी गार्ड ने व्हाट्सएप पर कॉल शुरू कर दी थी, ताकि दोनों में से कोई रिकॉर्डिंग न कर सके।
कोई पूछे तो बताना कि बाजरे की गाड़ी मंडी से बाहर गई है...
जिस समय मंडी से सरसों बाहर भेजी गई, उस दौरान टीन शेड के नीचे करीब 40 हजार क्विंटल सरकारी बाजरा रखा था। इस बाजरे को गोदाम में भेजा गया और बाजरा लेकर जाने वाली गाड़ियों की आड़ में सरसों से भरी गाड़ियां निकलवाई गईं। सहायक सचिव सिक्योरिटी गार्ड को कह रहा है कि अगर कोई पूछे तो बताना कि बाजरे की गाड़ी मंडी से बाहर गई है।
इन 12 रिकॉर्डिंग से समझिए सरकार और मार्केट कमेटी को चूना लगाने का खेल
1- रिकॉर्डिंग : एक- 30 सेकंड के रिकॉर्डिंग में सहायक सचिव कहता है कि श्याम ट्रेडर्स की गाड़ी आएगी, उसे यूं ही निकलवा देना। सिक्योरिटी गार्ड को फर्म मालिक से मिलने की बात कही गई है।
2- रिकॉर्डिंग: दो- 32 सेकंड की रिकॉर्डिंग में सहायक सचिव कहता है कि आशीष की गाड़ी जाएगी। इस पर सिक्योरिटी गार्ड जितेंद्र शर्मा कहता है कि रात को दो गाड़ियां जा चुकी हैं।
3 - रिकॉर्डिंग: तीन- 39 सेकंड की रिकॉर्डिंग में सहायक सचिव कहता है कि 4513 को जाने देना और बाहर निकलने के बाद कोई पूछे तो बोल देना गाड़ी में गेहूं था और गाड़ी वजन के लिए धर्मकांटा पर गई है।
4- रिकॉर्डिंग: चार- एक मिनट 29 सेकंड की रिकॉर्डिंग में सहायक सचिव सिक्योरिटी गार्ड को 10-10 क्विंटल गेहूं के दो-तीन गेटपास काटने की बात भी कह रहा है। उसका कहना है कि सचिव का फोन आया था और उन्होंने मंडी चेकिंग के आदेश दिए हैं।
5- रिकॉर्डिंग: पांच- एक मिनट 20 सेकंड की रिकॉर्डिंग में सिक्योरिटी गार्ड सहायक सचिव को बताया रहा है कि डीएमईओ चेकिंग पर आया हुआ है। इस पर सहायक सचिव हामी भरते हुए कहता है कि आज चेकिंग हो गई है और पांच-सात दिन कोई नहीं आएगा।
6- रिकॉर्डिंग: छह- 41 सेकंड की रिकॉर्डिंग में कर्मचारी सहायक साचिव से पूछता है कि कहां हो सर? इस पर मिल में होने का जवाब मिलता है। कर्मचारी बताता है कि एक ट्रैक्टर मंडी में खाली हो रहा है और मैंने वीडियो बना ली है। इस पर जवाब मिलता है कि मैंने भेजा है। एक और ट्रैक्टर भी आएगा।
7- रिकॉर्डिंग: सात- आठ सेकंड की रिकॉर्डिंग में सहायक सचिव कह रहा है कि 3790 गाड़ी है। एक बार पूछकर बताना भेज दूं क्या। इस पर सिक्योरिटी गार्ड जितेंद्र कहता है कि पूछ कर बताता हूं जी।
8- रिकॉर्डिंग: आठ- 15 सेकंड की इस रिकॉर्डिंग में कर्मचारी सहायक सचिव को फोन करके कहता है कि वह कांटे पर चढ़ रहा है और गाड़ियों की जांच कर रहा है। इसके अलावा स्टॉक रजिस्टर और बिल भी मांग रहा है। मैं फोन कर दूंगा आप अभी रुकवा देना।
9- रिकॉर्डिंग: नौ- 16 सेकंड की रिकॉर्डिंग में सहायक सचिव कहता है कि आरजे 4790 गाड़ी आएगी और 10 मिनट में पहुंच जाएगी। गाड़ी चलने पर मैं फोन करके बता दूंगा।
10- रिकॉर्डिंग: 10- 41 सेकंड की इस रिकॉर्डिंग में सहायक सचिव कहता है कि आरजे 5835 आएगी और सात-आठ मिनट में गाड़ी चल पड़ेगी। इस गाड़ी का नंबर नोट करवा देना और निकलने के बाद बताना है कि इसमें बाजरा था।
11- रिकॉर्डिंग: 11- 41 सेकंड की रिकॉर्डिंग में सहायक सचिव कहता है कि ठीक है गाड़ी जा ली। कल हिसाब कर लेंगे। कल मेरी ड्यूटी है। सहायक सचिव के पूछने पर कर्मचारी बताता है कि सुबह नौ बजे आऊंगा। इस पर सहायक सचिव आठ बजे आने की बात कहता है और कर्मचारी जवाब देते हुए कहता है कि साढ़े सात बजे तो शेखर घसोला पहुंच जाएगा।
12- रिकॉर्डिंग: 12-49 सेकंड की रिकॉर्डिंग में कर्मचारी फोन पर पूछता है कि दो गाड़ियां थीं क्या? इस पर सहायक सचिव एक गाड़ी होने का तर्क देते हुए दूसरी गाड़ी थोड़ी देर बाद आने की बात कह रहा है।
इस मामले से जुड़ी कुछ रिकॉर्डिंग हमारे सामने आई हैं। रिकॉर्डिंग की भी जांच चल रही है। सिक्योरिटी गार्ड जितेंद्र शर्मा से भी जांच के लिए जेडएमईओ ओमबीर सिंह ने पूछताछ की है।
विज्ञापन

- श्यामसुंदर बंसल, डीएमईओ, मार्केट कमेटी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें