चरखी दादरी। सीटीएम नरेंद्र कुमार ने सोमवार सुबह जिला परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय के रिकॉर्ड की जांच के साथ जरूरी फाइलें और कर्मचारियों की उपस्थिति की भी जांच की। निरीक्षण के दौरान 5 कर्मचारी सीट से गैरहाजिर मिले और सीटीएम ने उनके नाम नोट कर लिए। सीटीएम का कहना है कि समय पर कार्यालय न पहुंचने वाले कर्मचारियों से जवाब-तलब किया जाएगा।
बता दें कि सीटीएम नरेंद्र कुमार के पास जिला परिषद सीईओ का अतिरिक्त चार्ज भी है। मंगलवार सुबह 9.25 पर सीटीएम जिला परिषद कार्यालय में पहुंचे। एमपी लैंड शाखा में उन्हें एक भी कर्मचारी सीट पर हाजिर नहीं मिला। इसके बाद सीटीएम ने दो और कक्षों का जायजा लिया और भी कर्मचारियों की संख्या कम मिली। इसके बाद सीटीएम जिला परिषद सीईओ के दफ्तर में पहुंच गए और उन्होंने हाजिरी रजिस्टर तलब कर लिया। हालांकि 9:40 तक गैरहाजिर कर्मचारी कार्यालय पहुंच गए।
हाजिरी रजिस्टर के साथ सीटीएम ने कुछ लंबित फाइलें भी देखी। संवाददाता से बातचीत में सीटीएम ने इसे रूटिन चेकिंग बताया। उन्होंने कहा कि उनके पास जिला परिषद सीईओ का अतिरिक्त चार्ज है और इसके चलते वो रूटिन में कार्यालय आए थे। कर्मचारियों की संख्या कम मिली तो उन्होंने हाजिरी रजिस्टर की जांच कर ली। करीब साढ़े दस बजे तक सीटीएम यहां रुके और इसके बाद लघु सचिवालय स्थित अपने कार्यालय चले गए। वहीं, सूत्रों के अनुसार कर्मचारियों के कार्यालय न आने की शिकायत पर यह निरीक्षण किया गया है।
कार्यालय में कर्मचारी 16, हाजिरी रजिस्टर में नाम 3 का ही
सीटीएम के निरीक्षण के दौरान जिला परिषद कार्यालय में चर्चा रही कि हाजिरी रजिस्टर में केवल तीन ही कर्मचारियों का नाम दर्ज है जबकि कर्मचारियों की संख्या 16 है। इस खामी पर संवाददाता ने सीटीएम से सवाल किया और उन्होंने कहा कि बायोमिट्रिक हाजिरी सभी कर्मचारी लगा रहे हैं।
कर्मचारियों का आठ माह से अटका वेतन
जिला परिषद कार्यालय के कर्मचारियों को आठ माह से वेतन नहीं मिला है। सीटीएम नरेंद्र कुमार के संज्ञान में भी यह मामला लाया गया। इस पर उन्होंने कहा कि जिला परिषद सीईओ ने वेतनमान रोका था और उनका प्रयास है कि जल्द ही यह मामला सुलझा दिया जाए।
मेरे पास जिला परिषद का अतिरिक्त चार्ज है और यह रूटिन का निरीक्षण है। जो कर्मचारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचे मिले उनसे जवाब तलब किया जाएगा।
नरेंद्र कुमार, सीटीएम, चरखी दादरी