चरखी दादरी। उपायुक्त मनदीप कौर के मार्गदर्शन में सीटीएम सुरेश कुमार ने समाधान शिविर में आमजन की शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारी को समाधान करने के त्वरित निर्देश दिए। समाधान शिविर लोगों के लिए राहत का प्रभावी माध्यम बनते जा रहे हैं।
समाधान शिविर में उनके समक्ष बिजली, पानी पुलिस, फसल पंजीकरण, मेडिकल बिलों से संबंधित समस्याओं को सुना। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें।
उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों और योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से लोगों की शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी निवारण सुनिश्चित किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक सोमवार एवं वीरवार को प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक जिला मुख्यालय तथा उपमंडल स्तर में समाधान शिविर आयोजित किए जाते हैं। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं की सुनवाई करते हैं और उनके समाधान की प्रक्रिया को गति देते हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के समाधान के लिए समाधान शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। इस दौरान डीएसपी कप्तान सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।