मिसरी पैक्स में डीएपी के लिए लगी किसानों की भीड़।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। जिले में वीरवार को हुई बारिश के बाद डीएपी खाद की मांग बढ़ गई है। इसकी पूर्ति के लिए कृषि विभाग द्वारा जिले के पैक्सों पर डीएपी के 16 हजार बैग की सप्लाई दी जा रही है। जिन पैक्सों पर डीएपी उपलब्ध हो गया है वहां वितरण शुरू कर दिया गया है।
वहीं जिन पैक्सों में अभी खाद नहीं पहुंचा है वहां आज पहुंच जाएगा और पीओएस मशीन में अपडेट होने के साथ ही वितरण भी शुरू कर दिया जाएगा। विभागीय जानकारी के अनुसार पिछले एक माह के दौरान जिले में डीएपी के 32 हजार से अधिक बैग की आपूर्ति हो चुकी है। इसके बावजूद खाद की बढ़ती मांग के कारण डीएपी के लिए मारामारी का माहौल है। विशेषकर उन पैक्सों पर अधिक भीड़ देखने को मिल रही है जहां खाद का वितरण शुरू हो चुका है।
किसान डीएपी प्राप्त करने के लिए सुबह ही केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। वीरवार को हुई बारिश के बाद जिले में डीएपी की मांग एकदम से बढ़ गई है। बारिश से खेतों में नमी बढ़ने के कारण किसान रबी फसलों की बिजाई के लिए खाद की व्यवस्था करने में जुट गए हैं। किसानों को आशंका है कि मांग अधिक रहने पर उन्हें खाद के लिए इंतजार करना पड़ सकता है। इसके चलते हर कोई पहले ही खाद की व्यवस्था कर लेना चाहता है।
शेष पर पहुंचने के बाद शुरू होगा वितरण : कृषि विभाग के अनुसार 16 हजार बैग की सप्लाई जिले के पैक्सों पर दी जा रही है। अधिकांश पैक्सों पर सप्लाई पहुंच चुकी है और वितरण शुरू कर दिया गया है। जिन पर सप्लाई नहीं पहुंची है वहां आज पहुंचने की उम्मीद है। खाद पहुंचने के बाद पीओएस मशीन में रिकॉर्ड अपडेट किया जाएगा। इसके बाद किसानों को वितरण शुरू कर दिया जाएगा।