धान, बाजरा, मक्का, कपास और मूंग की फसल को रखा गया बीमित फसलों की श्रेणी में
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। खरीफ और रबी फसल के लिए सरकार ने बीमा कंपनी रिलायंस को अधिकृत कर दिया है। वहीं, किसान के लिए फसलों का बीमा करवाने की तारीख 16 अगस्त निर्धारित की गई है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ 2024 में धान, बाजरा, मक्का, कपास और मूंग की फसल को बीमित फसलों की श्रेणी में रखा गया है।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत संबंधित दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, बैंक पासबुक, नवीनतम भूमि रिकॉर्ड, जमाबंदी प्रमाणित बुआई पत्र और मेरी फसल, मेरा ब्योरा के साथ संबंधित बैंक या सीएससी केंद्र के माध्यम से अपना फसली बीमा करवा सकते हैं।
यह योजना सभी किसानों के लिए स्वैच्छिक है। जो ऋणी किसान बीमा नहीं करवाना चाहते हैं, उन्हें अपने ऋण दाता बैंक में लिखित फॉर्मेट में कट ऑफ डेट के 7 दिन पहले पहले घोषणापत्र देना होगा। अन्यथा बैंक की ओर से अपने अभिलेख अनुसार उसका बीमा कर दिया जाएगा। जिस किसान को अपनी फसल तब्दील करवानी है तो वह संबंधित ऋणी बैंक में जाकर कट ऑफ डेट के दो दिन पहले तक अपनी फसल को तब्दील करवा सकता है।
जानिए...किस फसल की क्या रहेगी प्रीमियम राशि
खरीफ 2024 के लिए जिले में कपास के लिए किसान प्रीमियम 5176.25 रुपये, धान के लिए 2023.80 रुपये, बाजरा फसल के लिए 975.58 रुपये, मक्का के लिए 1037.84 रुपये व मूंग फसल के लिए 908.10 रुपये प्रति हेक्टेयर रखा गया है। इस योजना के अंतर्गत किसानों की खड़ी फसल से लेकर कटाई तक फसल नुकसान में होने वाले जोखिमों की भरपाई का प्रावधान रखा गया है।