बाढड़ा उपमंडल के गांव माई खुर्द के समीप गन प्वाइंट पर व्यापारी से लूट करने के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से वारदात में प्रयोग की गई बाइक और लूट के कुछ रुपये भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने मंगलवार सुबह आरोपी को कोर्ट में पेश किया और आगामी पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता संदीप पिलानिया ने बताया कि गत तीन अगस्त को गांव नौरंगाबास राजपुतान निवासी व्यापारी गजानंद ने पुलिस लूट की शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसकी गांव में खल-बिनौला और कपड़े की दुकान है। वह शनिवार को टाटा- 407 में सवार होकर एक अन्य व्यक्ति के साथ दादरी के रास्ते भिवानी जा रहा था। उसके पास थैले में करीब दो लाख 43 हजार रुपये रखे थे। जब वे माईखुर्द से बधवाना रोड की ओर चले तो टाटा गाड़ी के आगे बाइक सवार भी जा रहे थे। बाइक सवार युवकों ने टाटा गाड़ी के आगे बाइक लगा दी और जबरन गाड़ी को रुकवा लिया। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक पिस्तौल लेकर उनके पास पहुंचा। उक्त युवक ने गन प्वाइंट पर रुपये से भरा बैग छीन लिया। दूसरेे लड़के ने टाटा गाड़ी की चाबी छीन ली और माईखुर्द गांव की ओर बाइक पर सवार होकर भाग गए। मामले की सूचना मिलते ही बाढड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि शिकायत में पीड़ित ने बताया था कि लुटेरे आपस में भाना और मोटा नाम ले रहे थे। इस आधार पर पुलिस ने गुत्थी को सुलझा लिया। प्रवक्ता ने बताया कि खुडाना गांव निवासी आरोपी भाना उर्फ गोविंद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से वारदात में प्रयोग की गई पल्सर बाइक भी बरामद की गई है।