दादरी-दिल्ली मुख्यमार्ग पर शुक्रवार देर रात मोरवाला के समीप हादसा हुआ। इसमें झिंझर निवासी बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक के चाचा के बयान पर हाईवा चालक के खिलाफ सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया।
हरियाणा के चरखी दादरी में दादरी-दिल्ली मुख्यमार्ग पर मोरवाला के समीप शुक्रवार देर रात टक्कर के बाद हाईवा और बाइक में आग लग गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। झिंझर निवासी मृतक का सदर थाना पुलिस ने शनिवार सुबह सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने इस संबंध में मृतक के चाचा के बयान पर हाईवा चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि चालक हादसे के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया।
विज्ञापन
पुलिस को दिए बयान में झिंझर निवासी जयसिंह ने बताया कि उसका भतीजा राजेश (30) दादरी तोए स्थित एक एजेंसी में काम करता था। शुक्रवार देर शाम वो ड्यूटी खत्म कर बाइक पर सवार होकर घर आ रहा था। देर रात करीब साढ़े 12 बजे जब वो मोरवाला के समीप स्थित पेट्रोल पंप के सामने पहुंचा तो दादरी की तरफ से आ रहे एक हाईवा ने सीधी उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
घटना में राजेश की बाइक हाईवा में फंस गई और सड़क पर कुछ दूर तक घिसटने के कारण बाइक में आग लग गई। आग की लपटें भड़क कर हाईवा तक जा पहुंची। दोनों वाहनों में आग लगने से राजेश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही देर रात सदर थाना पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव और दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया।
विज्ञापन
वहीं, अलसुबह मृतक के परिजनों को हादसे का पता चला और उन्होंने बाइक और शव देखकर मृतक की शिनाख्त की। पुलिस बयान में मृतक राजेश के चाचा जयसिंह ने पुलिस से आरोपी चालक पर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर मृतक का पोस्टमार्टम करवाया और इस संबंध में हाईवा चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक के चाचा के बयान पर हाईवा चालक के खिलाफ धारा 279 व 304-बी के तहत केस दर्ज कर लिया है। आरोपी चालक का पता लगाकर उसे पुलिस जल्द गिरफ्तार कर लेगी। - कप्तान सिंह, जांच अधिकारी एवं एएसआई, इमलोटा चौकी।