क्रेशर संचालक के भतीजे को फोन कर दस लाख की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इस संबध में पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले भी जिले में क्रेशर संचालकों से कई बार रंगदारी मांगी जा चुकी है।
पुलिस को दी शिकायत में पिचोपा कलां निवासी राकेश बैनीवाल ने बताया कि उसका चाचा पिचोपा कलां जोन में क्रेशर संचालक है। राकेश ने बताया कि क्रेशर का काम वो भी देखता है। शिकायतकर्ता ने बताया कि गत तीस जून को दोपहर करीब पौने तीन बजे उसके नंबर पर एक कॉल आई। फोन करने वाले शख्स ने खुद का नाम विकास बादल बताया और उससे दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
शिकायतकर्ता राकेश के अनुसार रंगदारी न देने पर फोन करने वाले शख्स ने उसे अंजार भुगतने की चेतावनी दी। राकेश ने बताया कि फोन करने वाले शख्स ने उससे कहा कि उसके कई गैंग से संबंध है और डिमांड पूरी न करने पर उसे गोली मार देगी। राकेश की शिकायत पर बाढड़ा थाना पुलिस ने इस संबंध में विकास नामक आरोपी के खिलाफ धारा 385 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बदमाशों के निशाने पर हैं क्रेशर संचालक
जिले के क्रशर संचालकों से पहले भी रंगदारी के कई मामले सामने आ चुके हैं। रंगदारी न देने पर बदमाश क्रेशर पर जाकर फायरिंग तक कर चुके हैं। करीब पांच माह पहले ही क्रेशर एसोसिएशन प्रधान सोमबीर घसोला से दस करोड़ की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले को लेकर क्रशर संचालकों ने जब पंचायत की तो बदमाशों ने वहां पहुंचकर फायरिंग कर दी थी और क्रेशर पर तैनात एक कर्मचारी को पेट में भी गोली लगी थी। इस मामले को जिला पुलिस ने 17 से अधिक आरोपी गिरफ्तार कर ट्रेस कर लिया है।