घटना की जानकारी पीड़ित दीवान सिंह।
- फोटो : CharkhiDadri
परशुराम चौक के समीप दिन-दहाड़े बाइक सवार दो युवक एक पूर्व सैनिक से थैला छीनकर फरार हो गए। थैले में करीब 75 हजार रुपये की नगदी थी। मौके पर मौजूद लोगों ने बाइक सवारों का पीछा भी किया लेकिन वो देखते ही देखते आंखों से ओझल हो गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत सिटी थाने में दी है जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। देर शाम तक स्नेचरों का पता नहीं चल पाया था।
ढाणी फौगाट निवासी दीवान सिंह ने बताया कि वो पूर्व सैनिक है। घर पर उसने चिनाई शुरू करवा रखी है। सोमवार को उसे सामान खरीदना था और इसके लिए वह गांव से दादरी आया था। पीड़ित ने बताया कि उसने पंजाब नेशनल बैंक से 75 हजार रुपये निकलवाए और नगदी को थैले में डाल लिया। जब वो परशुराम चौक के समीप पहुंचा तो पीछे से एक बाइक आकर रुकी। पीड़ित ने बताया कि बाइक से एक युवक नीचे उतरा और उससे थैला छीनकर भागकर बाइक पर बैठ गया। उसने शोर मचाया तो लोगों का ध्यान भी उस तरफ गया। बुजुर्ग ने बताया कि कुछ युवकों ने बाइक सवारों का पीछा भी किया लेकिन स्नेचर पकड़ में नहीं आ सके। इसके बाद बुजुर्ग सिटी थाने पहुंचा और धटना की जानकारी दी।
परशुराम चौक के पास हुई वारदात
बुजुर्ग ने बताया कि उसे अंदेशा है कि बाइक सवार दोनों युवक उसका बैंक से ही पीछा कर रहे थे। परशुराम चौक के समीप जब वो खरीददारी करने लगा तो तुरंत युवकों ने वारदात को अंजाम दे दिया और फरार हो गए।