प्रदर्शनी में गाय के गोबर और मूत्र से तैयार उत्पादों का अवलोकन करने लोग।
चरखी दादरी। दूध व घी के अलावा देसी गाय के गोबर और मूत्र से विभिन्न प्रकार के उत्पाद बनाकर कमाई की जा सकती है। हरियाणा गो सेवा आयोग जल्द ही लोगों को उत्पाद बनाने का प्रशिक्षण देने का कार्यक्रम शुरू करेगा। दादरी में चल रही राज्य पशुधन प्रदर्शनी के हॉल नंबर दो में गो मूत्र और गोबर से बनाए उत्पाद देखने को मिले।
प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल के मार्गदर्शन में हरियाणा गो सेवा आयोग की ओर से राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी में पंचगव्य आधारित उत्पादों को बेहतर तरीके से दर्शाया गया है। साथ ही आयोग के माध्यम से विभिन्न गोशालाओं द्वारा बनाए जा रहे अन्य उत्पाद भी हॉल नंबर दो में दिखाए गए। यहां आने पर नजर आता है कि गो पालन केवल दूध और घी आदि पर ही आधारित नहीं है, देसी गाय के गोबर और मूत्र से भी कमाई की जा सकती है। इसको लेकर आयोग के माध्यम से कई गोशालाओं में काफी अच्छा काम किया जा रहा है।