जिले में 18 से 44 वर्ष की उम्र के लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए अभी और इंतजार करना पड़ सकता है। एक मई से इनका वैक्सीनेशन शुरू होना था, लेकिन जिला स्वास्थ्य विभाग के पास वैक्सीन की खेप नहीं पहुंची है। इस समय स्टॉक में 3840 डोज ही हैं जबकि 18 से 44 उम्र के लोगों की जिले में संख्या दो लाख से पार है। वैक्सीन की उपलब्धता न होने के कारण जिला स्वास्थ्य विभाग ने एक मई से शुरू होने वाले टीकाकरण के सेशन प्लान तक नहीं किए हैं।
वैक्सीन की आखिरी खेप दादरी जिले में तीन दिन पहले पहुंची थी और उस दौरान तीन हजार को-वैक्सीन आई थीं। जिला स्वास्थ्य विभाग लगातार वैक्सीनेशन कर रहा है और प्रतिदिन 15 से 17 स्वास्थ्य केंद्रों पर वैक्सीनेशन किया जा रहा है। दादरी जिले की अगर बात करें तो शहर से ज्यादा ग्रामीण क्षेत्रों में वैक्सीनेशन हुआ है। अब तक जिला स्वास्थ विभाग 87275 लोगों को कोरोना वैक्सीन की डोल दे चुका है। इनमें से 75755 लोग ऐसे हैं जिन्होंने पहली डोज लगवाई है जबकि 11520 लोग दूसरी डोज भी लगवा चुके हैं। फ्रंट लाइन वर्कर्स समेत 45 और 60 से अधिक उम्र के एक लाख 35 हजार लोगों को वैक्सीन लगाने का लक्ष्य जिला स्वास्थ्य विभाग को मिला हुआ है।
अब अगर 18 से 44 वर्ष की बात करें तो जिले में ऐसे दो लाख से अधिक लोग हैं। इनमें से कई कोविन पोर्टल पर वैक्सीनेशन के लिए पंजीकरण करवा चुके हैं। इन्हें एक मई से वैक्सीन लगाई जानी थी, लेकिन वैक्सीन की कमी के कारण इन्हें अभी और इंतजार करना पड़ेगा। हालांकि जिला स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि रूटिन में वैक्सीनेशन चलेगा और उसके लिए वैक्सीन का अभी स्टॉक है। 18 से 44 वर्ष तक की उम्र के लोगों के वैक्सीनेशन के लिए जिले को अभी वैक्सीन की खेप नहीं मिली है। जिले में खेप पहुंचते ही इन उम्र के लोगों के लिए भी सेशन लगाने की योजना तैयार कर ली जाएगी।
साइट पर पहुंचने से पोर्टल पर आवेदन करना अनिवार्य
जिला वैक्सीनेशन इंचार्ज डॉक्टर आशीष मान ने बताया कि वैक्सीन की खेप आने के बाद सेशन लगाने की योजना तैयार की जाएगी और प्रत्येक टीकाकरण केंद्र के लिए जितनी डोल अलॉट होंगी, उनकी जानकारी कोविन पोर्टल पर दे दी जाएगी। जो लोग वैक्सीनेशन के लिए पंजीकरण करवा चुके हैं वो पोर्टल पर मोबाइल नंबर और ओटीपी के जरिये लॉगइन कर आवेदन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन करवा चुके व्यक्ति के लिए वैक्सीन की उपलब्धता वाले दिन आवेदन करना जरूरी है और 18 से 44 उम्र का कोई भी शख्स बिन आवेदन किए वैक्सीनेशन केंद्र न पहुंचे।
- जिले में ये है वैक्सीन की उपलब्धता
वैक्सीन- डोज
को-वैक्सीन- 3590
कोविशील्ड- 250
शुक्रवार को 589 लोगों का किया टीकाकरण
जिले में शुक्रवार को 589 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। 296 लोगों को पहली और 293 को दूसरी डोज दी गई। जिला वैक्सीनेशन इंचार्ज आशीष मान ने बताया कि सिविल अस्पताल में 130, एमसीएच में 20, बौंदकलां में 80, अचीना में 40, सांवड़ में 30, माई कलां में 90, गोपी में 79 और हड़ौदी में 120 लोगों ने वैक्सीनेशन करवाया।
18 से 44 वर्ष की उम्र के लोगों का टीकाकरण करने के लिए हमारे पास वैक्सीन की खेप नहीं पहुंची है और इसलिए एक मई के सेशन प्लान नहीं किए गए हैं। वैक्सीन उपलब्ध होते ही हम सेशन प्लान कर पोर्टल पर ऑनलाइन सेशन और वैक्सीनेशन केंद्रों पर वैक्सीन की उपलब्धता की जानकारी अपलोड कर देंगे।
आशीष मान, जिला वैक्सीनेशन इंचार्ज एवं डिप्टी सीएमओ