चरखी दादरी। शहर के बाजारों में पार्किंग की समस्या अब केवल दुकानदारों और ग्राहकों की परेशानी नहीं बल्कि जनप्रतिनिधियों के लिए भी चिंता का विषय बन गई है। पार्किंग की दरकार को लेकर चलाए जा रहे अभियान को अब पार्षदों ने सही बताया।
बाजारों वाले वार्डों के पार्षदों ने माना कि पार्किंग की कमी के कारण लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है। इसके बावजूद प्रशासन और नगर परिषद की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा। पार्षदों का कहना है कि वे इस मुद्दे को नगर परिषद में उठाएंगे और पार्किंग की व्यवस्था करवाने की मांग करेंगे।
दिल्ली रोड, मेन बाजार, बस स्टैंड रोड समेत शहर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोग अपने वाहनों को सड़क किनारे खड़ा करने को मजबूर हैं। इससे सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ता है और जाम की स्थिति बनती है। त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ने पर समस्या और गंभीर हो जाती है।
दिल्ली रोड पर पार्किंग की व्यवस्था जरूरी : नवीन बिंदल
दिल्ली रोड पर पार्किंग की समस्या को लेकर नवीन बिंदल ने कहा कि शहर के इस प्रमुख मार्ग पर पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था होना बेहद जरूरी है। बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोग अपने वाहन खड़े करने के लिए जगह तलाशते रहते हैं। उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क किनारे वाहन खड़े होते हैं जिससे यातायात प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को इस समस्या को गंभीरता से लेना चाहिए और ऐसी जगह चिह्नित करनी चाहिए जहां लोग अपने वाहन व्यवस्थित तरीके से खड़े कर सकें। पार्किंग की सुविधा मिलने से दुकानदारों और ग्राहकों दोनों को राहत मिलेगी। प्रशासन को इस दिशा में जल्द ठोस कदम उठाने चाहिए।
वार्ड आठ के बाजार में भी पार्किंग का संकट : नवीन प्रजापति
वार्ड आठ के पार्षद नवीन प्रजापति ने कहा कि उनके वार्ड में बाजार लगता है जहां पार्किंग की समस्या के कारण दुकानदारों और ग्राहकों को परेशानी होती है। बाजार में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को वाहन खड़ा करने के लिए उचित जगह नहीं मिलती। मजबूरी में सड़क किनारे वाहन खड़े करने पड़ते हैं जिससे आवागमन भी प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि बाजारों में पार्किंग की व्यवस्था करना प्रशासन और नगर परिषद की जिम्मेदारी है। त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ बढ़ जाती है। इसलिए उस समय विशेष प्रबंध किए जाने चाहिए। उन्होंने मांग की कि उनके वार्ड के बाजार में पार्किंग की व्यवस्था की जाए ताकि लोगों को रोजाना की परेशानी से राहत मिल सके।
कई बार मांग उठाई : जतिन फोगाट
वार्ड 16 के पार्षद जतिन फोगाट ने कहा कि शहर में पार्किंग की समस्या को लेकर कई बार मांग उठाई जा चुकी है लेकिन प्रशासन और नगर परिषद इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे। बाजारों में पार्किंग नहीं होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है और सड़क किनारे वाहन खड़े होने से यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। उन्होंने बताया कि नगर परिषद के पीछे महाराजा होटल के पास पार्किंग बनवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए जल्द ही टेंडर होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित पार्किंग निशुल्क रखी जाएगी, ताकि लोगों को वाहन खड़े करने के लिए सुविधा मिल सके।
बाजारों में दुकानदार और ग्राहक दोनों परेशान : विनोद सिंहमार
वार्ड 9 से पार्षद विनोद सिंहमार ने कहा कि उनके वार्ड में थोड़ा बाजार लगता है लेकिन पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने से दुकानदारों और ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को वाहन खड़े करने के लिए जगह नहीं मिलती। इससे बाजार में अव्यवस्था बढ़ती है और लोगों का आवागमन भी प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि बाजारों में पार्किंग की व्यवस्था करना जरूरी है ताकि दुकानदारों के कारोबार और ग्राहकों की सुविधा पर प्रतिकूल असर न पड़े। इस मुद्दे को लेकर लगातार मांग उठाई जाती रही है और आगे भी नगर परिषद व प्रशासन के सामने आवाज उठाई जाएगी। अब जरूरत है कि मांगों पर अमल करते हुए स्थायी समाधान किया जाए।