चरखी दादरी। जमीन तबादला कराने की एवज में भागवी निवासी एक व्यक्ति से 4500 रुपये रिश्वत लेने के मामले में पुलिस ने उपायुक्त के आदेश पर रजिस्ट्री क्लर्क के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दूसरी ओर इस मामले की जांच भी प्रशासन ने शुरू करवा दी है और सोमवार तक जांच रिपोर्ट डीसी प्रीति के पास पहुंचने की उम्मीद है।
बता दे कि डीसी कार्यालय में दी शिकायत में भागवी निवासी कुलदीप ने बताया था कि उसे जमीन का तबादला करवाना था। उसने डीड राइटर सुमेर सिंह से डीड लिखवाई। इसके बाद वो डीड मार्क कराने के लिए कमरा नंबर 15 में रजिस्ट्री क्लर्क राम के पास पहुंचे। उस दौरान उसके साथ डीड राइटर सुमेर सिंह भी साथ था। कुलदीप ने शिकायत में बताया कि रजिस्ट्री क्लर्क राम ने उसे बताया कि तबादला रजिस्ट्री बंद है और अगर यह प्रक्रिया पूरी करनी है तो 5000 रुपये देने पड़ेंगे। मजबूरीवश उसने पांच हजार रुपये डीड राइडर सुमेर सिंह को दे दिए। उसके सामने ही सुमेर सिंह ने ये रुपये रजिस्ट्री क्लर्क राम को दे दिए। कुलदीप ने बताया था कि इसके बाद रजिस्ट्री क्लर्क राम ने उसे 500 रुपये वापस दे दिए और 4500 रुपये में काम करने की बात कही। इस शिकायत पर संज्ञान लेकर डीसी प्रीति ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार का केस दर्ज करने के निर्देश दिए थे। डीसी के आदेश का पालन करते हुए पुलिस ने रजिस्ट्री क्लर्क राम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।