स्वास्थ्य केंद्र पर व्यक्ति को कोरोनारोधी टीका लगाती नर्स।
- फोटो : CharkhiDadri
चरखी दादरी। जिले में कोरोना फिर से शून्य हो गया है। इस समय जिले में कोरोना का कोई भी मामला नहीं हैं। दूसरी और स्वास्थ्य विभाग की ओर से सैंपलिंग और वैक्सीनेशन की प्रक्रिया जारी है। वीरवार को जिले में 350 लोगों को कोरोनारोधी टीका लगाया गया। इसके साथ ही कोरोना की जांच के लिए 309 लोगों के सैंपल लिए गए। इस समय जिले में 285 सैंपल की रिपोर्ट लंबित है। कोविड नोडल अधिकारी डॉ. संदीप भारद्वाज ने बताया कि जिले में इस समय एक भी कोरोना पॉजिटिव केस नहीं है। जिले में संक्रमित मिले 5071 लोगों में से 4932 स्वस्थ हुए हैं, जबकि 139 की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि 23 सितंबर तक कोरोना जांच के लिए 245106 सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 285 की रिपोर्ट लंबित हैं। जिला वैक्सीनेशन इंचार्ज एवं डिप्टी सीएमओ डॉ. आशीष मान ने बताया कि वीरवार को केवल अर्बन क्षेत्र में ही टीकाकरण हुआ। एक सेशन सिविल अस्पताल में जबकि दूसरा मातृ-शिशु अस्पताल में लगाया गया। सिविल अस्पताल में करीब 300 और एमसीएच में 50 लोगों का वैक्सीनेशन किया गया। उन्होंने बताया कि वैक्सीनेशन प्रक्रिया निरंतर जारी है। उन्होंने अपील करते हुए कहा जिन लोगों ने अभी तक वैक्सीन की डोज नहीं लगवाई है वे जल्द से जल्द नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचकर वैक्सीनेशन करवा लें।