कोविड-19 अस्पताल में तैनात मेडिकल टीम जी-जान से कोरोना संदिग्धों के उपचार में लगी हुई है। ऐतिहाद बरतने के बाद मेडिकल स्टाफ को कोरोना संक्रमित होने का सबसे अधिक खतरा है। कोविड अस्पताल में तैनात मेडिकल टीम खुद की और परिवार की फिक्र किए बिना शिद्दत से अपना फर्ज निभा रही है। शहर के मुरारीलाल आयुर्वेदिक कॉलेज में जिला का कोविड-19 अस्पताल बनाया गया है।
कोरोना कितनी गंभीर बीमारी है, इस बात का सबको पता है। कई चिकित्सक कोरोना पॉजिटिव लोगों का उपचार करते हुए खुद संक्रमित हो चुके हैं। चिकित्सक कोरोना पॉजिटिव या संदिग्ध के सबसे अधिक संपर्क में रहते हैं। ऐसे में कोरोना संक्रमित होने के खतरे से भी इंकार नहीं किया जा सकता। चिकित्सकों और मेडिकल स्टाफ के कोरोना संक्रमित होने के मामले सामने आने के बाद भी कोविड-19 अस्पताल की मेडिकल टीम के हौसलों में कमी नहीं आई है। इस समय मेडिकल टीम पूरी शिद्दत से अपने फर्ज को अंजाम देने में जुटी हुई है।
मुरारीलाल आयुर्वेदिक कॉलेज में 60 बेड की व्यवस्था की गई है। वही, सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में संदिग्धों की संख्या लगातार बढ़ रही है और स्वास्थ्य विभाग ने अब संदिग्धों को कोविड-19 अस्पताल में शिफ्ट करना शुरू कर दिया है। वीरवार को अमर उजाला टीम यहां पहुंची और मेडिकल टीम की कार्यप्रणाली को नजदीक से जाना। वीरवार को कोविड-19 अस्पताल में 21 संदिग्ध भर्ती मिले जबकि बुधवार को इनकी संख्या 17 थी। डिप्टी सीएमओ चंचल तोमर ने बताया कि चार संदिग्धों को वीरवार सुबह कोविड अस्पताल में शिफ्ट किया गया है।
दो शिफ्ट में दो-दो डॉक्टर कर रहे चेकअप
कोविड-19 अस्पताल में चार चिकित्सकों डॉ. साक्षी, डॉ. मोनिका, डॉ. धर्मबीर व डॉ. रोहित तैनात हैं। इनके अलावा 11 स्टाफ नर्सों की यहां ड्यूटी लगाई गई है। चारों चिकित्सक दो शिफ्ट में ड्यूटी कर रहे हैं और एक शिफ्ट में दो डॉक्टर तैनात रहते हैं। ये हर एक घंटे बाद कोरोना संदिग्ध के स्वासम्थ्य की जांच करते हैं। एक शिफ्ट में दो चिकित्सक 12 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहते हैं।
स्टाफ नर्स और स्वीपर चार शिफ्ट में दे रहे ड्यूटी
कोविड-19 अस्पतालमें चिकित्सकों के अलावा 11 स्टाफ नर्स, चार चौकीदार और चार स्वीपर तैनात हैं। चिकित्सक जहां दो शिफ्टों में ड्यूटियां दे रहे हैं तो वहीं, स्टाफ नर्स, चौकीदारों और स्वीपरों की ड्यूटियां चार शिफ्ट में बांटी गई हैं।
दो समय अल्पाहार तो दो समय मिल रहा खाना
कोविड-19 अस्पताल के अलावा आइसोलेशन वार्ड और क्वारंटीन सेंटर में भर्ती संदिग्धों को स्वास्थ्य विभाग नाश्ता और दो समय खाना मुहैया करवाता है। डिप्टी सीएमओ डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि सुबह संदिग्धों को चाय-बिस्कुट दिए जाते हैं। दोपहर और शाम को खाना दिया जाता है। इसके अलावा शाम के समय भी चाय और बिस्कुट दिए जाते हैं।
इस समय मेडिकल स्टाफ के सामने ड्यूटी से जरूरी कुछ नहीं है। हमारी पूरी टीम कोरोना संक्रमण को रोकने के भरसक प्रयास कर रही है। स्वास्थ्य विभाग का प्रत्येक कर्मचारी अपनी ड्यूटी का निर्वहन निष्ठा और लग्र से कर रहा है।
डॉ. प्रदीप शर्मा, सीएमओ, चरखी दादरी