चरखी दादरी। नेशनल हाईवे 334बी पर जिले के गांव बरसाना के समीप शनिवार रात को एक ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार गांव पिचौपा खुर्द निवासी 44 वर्षीय नरेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। रविवार को नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
बता दें कि गांव पिचौपा खुर्द निवासी नरेंद्र कुमार पंचायती राज विभाग के तहत ठेकेदारी करता था। शनिवार रात को वह कार में सवार होकर दादरी से अपने घर गांव पिचौपा खुर्द जा रहा था। इस दौरान जब वह नेशनल हाईवे 334बी पर गांव बरसाना के समीप पहुंचा तो सामने से आ रहे ट्रक के साथ उसकी कार की जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर के बाद ट्रक भी सड़क किनारे पलट गया। वहीं ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
वहां से गुजर रहे दूसरे वाहन चालकों ने तुरंत पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर दादरी सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। तब तक नरेंद्र कुमार की मौत हो चुकी थी। जिसके बाद शव को नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया।
घटना की जानकारी पाकर मृतक के परिजन व ग्रामीण घटनास्थल तथा अस्पताल में पहुंचे। मामले की जांच कर रहे एएसआई मंजीत कुमार ने बताया कि मृतक के बेटे योगेश के बयान के आधार पर ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। नरेंद्र कुमार एक बेटा व एक बेटी का पिता था।