चरखी दादरी। शहर में घरेलू गैस सिलिंडर की मारामारी का आलम लगातार बना हुआ है। वीरवार को जहां दादरी गैस सर्विस में गैस का स्टॉक समाप्त होने के बाद एडवांस बुकिंग प्रक्रिया को बंद रखा गया। अशोक गैस सर्विस में उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी रही। लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए संचालकों की ओर से पुलिस की सहायता लेनी पड़ी। कतार में खड़ी महिलाओं ने कहा कि एजेंसी की ओर से तीन पुरुषों के बाद एक महिला की पर्ची काटी जा रही है जिससे उनके घरेलू काम प्रभावित हो रहे हैं।
जिला प्रशासन का कहना है कि जिले में घरेलू गैस सिलिंडरों की कमी नहीं है। पिछले कुछ दिनों से घरेलू एलपीजी सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतार में कोई कमी नजर नहीं आ रही है। इसकी बानगी हर रोज एजेंसियों के बाहर लगने वाली कतारों को देख कर लगाई जा सकती है। ऐसे ही हालात वीरवार को भी बने रहे जब स्थानीय पूर्ण मार्केट स्थित दादरी गैस सर्विस पर स्टॉक समाप्त होने के बाद ईकेवाईसी व मोबाइल नंबर दर्ज करवाने वाले लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं लोहारू रोड स्थित अशोक इंडेन गैस एजेंसी के बाहर भी लोगों की लंबी कतारें लगी हुई थीं।
दादरी गैस सर्विस के प्रबंधक का कहना है कि बुधवार को 511 उपभोक्ताओं ने पर्ची कटवाने के बाद गैस सिलिंडर की डिलिवरी ली है। वहीं अशोक गैस सर्विस पर सिलिंडर बुकिंग करवाने के लिए सुबह नौ बजे से पहले से ही उपभोक्ता पहुंचने शुरू हो गए थे। बुकिंग करवाने के लिए कतार में खड़े लोगों ने बताया कि पिछले दो दिनों से उनका नंबर ही नहीं आ रहा है। उपभोक्ताओं ने गैस सिलिंडरों की डिलिवरी गांवों तक करने की मांग भी उठाई है। एजेंसी संचालक नरेंद्र कुमार ने बताया कि वीरवार को शाम साढ़े पांच बजे तक 550 उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर वितरित किए जा चुके है।
क्या बोले उपभोक्ता ...
बुढ़ापे में भी सिलिंडर के लिए लाइन में लगना पड़ रहा है। पिछले तीन दिनों से लगातार एजेंसी के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन नंबर नहीं आने के कारण खाली ही लौटना पड़ रहा है। आज उम्मीद है कि पर्ची कट ही जाएगी। इसके बाद गांव भैरवी स्थित गैस गोदाम से सिलिंडर लाना पड़ेगा। - बलबीर सिंह, गांव रावलधी।
चार दिन पहले ही घर में खाना बनाने के लिए गैस सिलिंडर खत्म हो गया था। गैस की पर्ची कटवाने के लिए सुबह आठ बजे लाइन में लगना पड़ा है लेकिन सर्वर की गति कम होने के कारण पर्ची कटने में देरी हो रही है। लंबा समय लगने से खेतों व घर का काम समय पर नहीं हो रहा है।- गीता देवी, गांव भागवी।
वर्सन :
गैस एजेंसियों में उपभोक्ताओं के लिए पर्याप्त मात्रा में सिलिंडर उपलब्ध हैं। ओटीपी मिलने के बाद गैस सिलिंडर की डिलिवरी मिल पाती है। इसके अलावा सिलिंडरों की आपूर्ति लगातार चल रही है। गैस सिलिंडर के लिए लोगों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। सुनील राठी, सप्लाई इंजार्च, जिला खाद्य एवं पूर्ति विभाग, दादरी।