चरखी दादरी। जिला स्तरीय स्टेडियम निर्माण कार्य पूरा करने की डेडलाइन सरकार ने अगस्त 2023 निर्धारित कर दी है। ऐसे में अब जिला स्तर की खेल सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए खिलाड़ियों को छह माह का और इंतजार करना पड़ेगा। विधानसभा के बजट सत्र में बाढड़ा विधायक नैना चौटाला ने धीमी गति से चल रहे जिला स्तरीय खेल स्टेडियम के निर्माण कार्य पर जवाब मांगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि दादरी जिले को जल्द ही जिला स्तरीय स्टेडियम की सौगात दे दी जाएगी।
सदन में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की ओर से दिए गए जवाब के अनुसार खेल स्टेडियम के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द ही स्टेडियम का निर्माण कार्य दोबारा से युद्ध स्तर पर शुरू हो जाएगा और अगस्त 2023 के बाद जिले के युवाओं को बेहतर और आधुनिक खेल सुविधाएं मिलनी प्रारंभ हो जाएंगी। वहीं, सोमवार को विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायक नैना सिंह चौटाला ने बाढड़ा हलके में पांच करम चौड़ाई की विभिन्न कच्चे रास्तों को पक्का करने व क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण की मांग भी रखी।
विधायक नैना चौटाला के सवाल के जवाब में प्रदेश के कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल ने बताया कि बाढड़ा विधानसभा क्षेत्र में 5 क्रम की चौड़ाई वाले 22.79 किलोमीटर लंबाई के 9 रास्ते कच्चे हैं। इसके अलावा 24.91 किलोमीटर लंबी 8 सड़कें भी क्षतिग्रस्त हैं। विधायक नैना चौटाला द्वारा उठाई गई मांग पर कृषि मंत्री ने भरोसा दिलाया वर्ष 2023 के अंत तक 47.77 किलोमीटर लंबाई के सभी 17 सड़कों का निर्माण कार्य पूरा करवा दिया जाएगा। विधायक नैना सिंह चौटाला ने बताया कि पांच करम चौड़ाई की इन ग्रामीण सड़कों के निर्माण हो जाने से क्षेत्रवासियों को बहुत बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन के लिए अच्छी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
- कृषि विभाग के उपमंडल और जिला स्तरीय कार्यालय की उठाई मांग
जिले के किसानों की समस्याओं को विधानसभा सत्र में रखते हुए विधायक नैना चौटाला ने दादरी में कृषि विभाग के जिला स्तरीय कार्यालय का और बाढड़ा में उपमंडल कार्यालय के निर्माण करने की मांग उठाई। विधायक नैना चौटाला के सवाल के जवाब में कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल ने बताया कि इसी वित्त वर्ष 2023-24 में दादरी में कृषि विभाग के जिला स्तरीय कार्यालय का निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। बाढड़ा में उपमंडल कृषि कार्यालय निर्माण के लिए विभाग द्वारा जमीन की तलाश की जा रही है।