पिलर बॉक्स में निर्माण सामग्री भरने के लिए काम करते श्रमिक।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। शहर के रोहतक रोड रेलवे फाटक पर बहुप्रतीक्षित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के निर्माण कार्य से जुड़ी एक राहत भरी खबर सामने आई है। पिछले डेढ़ महीने से पूरी तरह बंद पड़े आरओबी के निर्माण कार्य को आखिरकार दोबारा शुरू कर दिया गया है।
निर्माण एजेंसी की ओर से साइट पर पिलर बॉक्स भरने के लिए जरूरी फरमे (शटरिंग मैटेरियल) मंगवा लिए गए हैं, जिससे स्थानीय निवासियों, चालकों और आम जनता ने बड़ी राहत की सांस ली है।
गौरतलब है कि रोहतक रोड स्थित रेलवे फाटक पर आरओबी का निर्माण कार्य पिछले लंबे समय से कछुए की गति से चल रहा था और बीते डेढ़ महीने से तो कार्य पूरी तरह ठप पड़ा हुआ था। निर्माण कार्य रुकने के कारण शहरवासियों और इस मार्ग से गुजरने वाले हजारों राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
राहगीरों की इस गंभीर समस्या और प्रशासनिक सुस्ती को देखते हुए संवाद न्यूज एजेंसी की ओर से इस मुद्दे को अमर उजाला समाचार पत्र में ‘एक माह से ठप पड़ा रोहतक रोड आरओबी निर्माण, जाम और बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें’ नामक शीर्षक के साथ प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। समाचार पत्र द्वारा लगातार इस लापरवाही को उजागर करने के बाद आखिरकार प्रशासन और निर्माण एजेंसी की नींद खुली है, जिसके परिणामस्वरूप अब बंद पड़े कार्य को दोबारा पटरी पर लाया गया है।