चरखी दादरी। बारिश के दौरान शहरवासियों को जलभराव से निजात दिलाने की योजना पर जनस्वास्थ्य विभाग ने काम शुरू कर दिया है। इसके तहत 10 इंची पाइपलाइन डाली जानी है और वीरवार से इसकी शुरुआत हो गई है। ये लाइन सदर थाने के पिछली तरफ स्थित जोहड़ से लेकर दिल्ली रोड सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तक डाली जानी है।
जेई बीके जावला ने बताया कि पाइपलाइन की लंबाई लगभग 4600 मीटर रहेगी और परियोजना के तहत जोहड़ पर एक पंपिंग स्टेशन भी बनाया जाएगा। इसके तहत जोहड़ में पहुंचे शहर के दूषित पानी का उठान किया जाएगा और फिर पाइपलाइन के जरिये इस पानी को एसटीपी तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने बताया कि पंपिंग स्टेशन पर पांच पंप सेट लगाए जाएंगे। प्रत्येक पंप की क्षमता 325000 लीटर प्रति घंटे उठान की रहेगी।
इस लाइन से सरदार झाड़ू सिंह चौक और उसके आगे मेला ग्राउंड के पानी की निकासी हो सकेगी। इसके अलावा पाइपलाइन डालने का फायदा काठमांडी, पुरानी सब्जी मंडी आदि क्षेत्रों को भी मिलेगा। इन सभी जगहों का पानी सीवर लाइनों के जरिए रेस्ट हाउस जोहड़ पर पहुंचेगा और फिर यहां से इसे एसटीपी तक ले जाया जाएगा। एसटीपी पर पानी को उपचारित करने के दाद ड्रेन नंबर आठ में निकासी की जाएगी
छह माह की समवावधि, अगस्त तक पूरा कराने का होगा प्रयास
जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पंपिंग स्टेशन निर्माण और पाइपलाइन डालने का कार्य पूरा करने के लिए एजेंसी के पास 6 माह का समय है। फिर भी विभाग प्रयास करेगा कि अगस्त तक इस काम को पूरा करवा लिया जाए, ताकि लोगों को परेशानियों से दो-चार न होना पड़े।