चरखी दादरी। शहर में नए बूस्टिंग स्टेशन के निर्माण के लिए जनस्वास्थ्य विभाग और नगर परिषद के अधिकारी अब तक जगह चिह्नित नहीं कर पाए हैं। बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण अटकने से करीब 500 परिवारों को पेयजल संकट से जल्द निजात मिलने की उम्मीदों को झटका लगा है। हालांकि, विभागीय अधिकारियों का तर्क है कि एक बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण कार्य अंतिम में चरण में है और दूसरे के लिए जल्द जगह चयन की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
जिले में पेयजल व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग इस समय 115 करोड़ की परियोजना पर काम कर रहा है। इसके तहत शहर के दोनों और घिकाड़ा गांव का जलघर अपग्रेड किया जाना है। इतना ही नहीं, पेयजल लाइनें भी इसी परियोजना के तहत बदली जानी हैं। शहर में दो नए बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण भी होना है। एक बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण कार्य विभाग शुरू करवा चुका है। दूसरे के लिए अब तक जगह तय नहीं हो पाई है।
दूसरे बूस्टिंग स्टेशन निर्माण के लिए नगर परिषद से जगह मुहैया कराने की मांग की गई है। यह अब तक परवान नहीं चढ़ी है। वहीं, विभागीय सूत्रों की मानें तो जिस बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण चल रहा है, उससे करीब 600 परिवारों को फायदा होगा। वहीं, दूसरे बूस्टिंग स्टेशन से 500 घरों में पेयजल आपूर्ति करने की योजना है। जगह के चयन के बाद ही विभाग निर्माण कार्य शुरू करवा सकेगा।
- 100 गुना 100 आकार की चाहिए जगह
दूसरा बूस्टिंग स्टेशन बनाने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग को 100 गुना 100 आकार की जगह चाहिए। यह जगह नगर परिषद अधिकारी अब तक उपलब्ध नहीं करवा पाए हैं। हालांकि, नगर परिषद ने दूसरे बूस्टिंग स्टेशन निर्माण के लिए दमकल विभाग कार्यालय के पास जगह दे दी है।
- मार्च 2025 तक घिकाड़ा जलघर में तैयार होगा टैंक
शहरी कॉलोनियों को घिकाड़ा जलघर से जोड़कर पेयजल आपूर्ति की जानी है। इसके मद्देनजर विभाग शहर के साथ लगते गांव के जलघर को भी अपग्रेड करवा रहा है। घिकाड़ा जलघर में पानी भंडारण का बड़ा टैंक मार्च 2025 तक तैयार होने की संभावना है। इसी टैंक से नए बूस्टिंग स्टेशन तक पेयजल पहुंचाया जाएगा।
- नए बूस्टिंग स्टेशन बनने से इन कॉलोनियों को मिलेगा लाभ
जनस्वास्थ्य विभाग की योजना के अनुसार, नए बूस्टिंग स्टेशन बनने से एमसी कॉलोनी, पूर्ण नगर, लोहारू रोड, मेजबान चौक, माइनर के पास वाला क्षेत्र, नागरिक अस्पताल के पीछे स्थित कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को पेयजल आपूर्ति की जाएगी। इससे अन्य कॉलोनियों के लोगों को लो प्रेशर आपूर्ति से छुटकारा मिलेगा।
हमने करीब डेढ़ साल पहले नगर परिषद को 100 गुना 100 आकार की जगह मुहैया कराने का प्रस्ताव भेजा था। इसी जमीन पर दूसरे बूस्टिंग स्टेशन का निर्माण होना है। नगर परिषद के जगह उपलब्ध कराते ही बूस्टिंग स्टेशन निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा। -धीरेंद्र सांगवान, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग, चरखी दादरी।