बाढड़ा। कांग्रेस की गुटबाजी मंगलवार को फिर से उभरकर सामने आई। कार्यकर्ताओं से रायशुमारी करने मंगलवार को बाढड़ा पहुंचे भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा प्रभारी हसमुख चौधरी के सामने ही रणबीर महेंद्रा और मान गुट के कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए। लोकसभा प्रभारी के समक्ष ही मुर्दाबाद के नारे भी लगे। हंगामा होने पर हसमुख चौधरी बाहर आ गए और माहौल शांत होने के बाद ही उन्होंने बैठक की।
कस्बा की जांगिड़ धर्मशाला में मंगलवार सुबह लोकसभा प्रभारी हसमुख चौधरी पहुंचे। इस दौरान काफी तादाद में विभिन्न नेताओं के समर्थक भी पहुंचे। बैठक शुरू होते ही कांग्रेस की गुटबाजी सामने आ गई। कांग्रेस नेता रणबीर सिंह महेंद्रा समर्थकों ने अन्य नेताओं पर चुनाव में पार्टी की मदद न करने का आरोप लगाया। इस बीच पूर्व सीपीएस रणसिंह मान के समर्थकों ने भी नारेबाजी शुरू कर दी। कांग्रेस नेताओं के समर्थकों ने जिंदाबाद और मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। लोकसभा प्रभारी के सामने ही कार्यकर्ताओं में एक-दूसरे के पक्ष को गलत ठहराने की होड़ लग गई। गहमागहमी बढ़ती देख पूर्व सीपीएस रणसिंह मान ने कहा कि ये लोग विधानसभा चुनाव में हार की हताशा न पालें क्योंकि लोकसभा चुनाव में इनका आचरण पार्टी के खिलाफ रहता है। इससे बैठक हंगामे में बदल गई और पार्टी प्रभारी हसमुख, अनिल धनखड़ व विजय खोरड़ा ने कार्यकर्ताओं को जैसे-तैसे शांत किया।
बाढड़ा में 18 साल बाद हुई कांग्रेस की बैठक
दरअसल, बाढड़ा में करीब 18 साल बाद कांग्रेस की बैठक हुई और इसके चलते सभी नेताओं के समर्थक इसमें शामिल हुए। हुड्डा गुट, किरण चौधरी व रणसिंह मान के समर्थकों ने अपनी-अपनी तरह से पार्टी की मजबूती का राग अलापा लेकिन सभी ने पिछले पिछले 30 साल से जिले के ही स्थानीय प्रत्याशी को चुनाव मैदान में न उतारने का मामला उठाया।
एकजुटता से ही भाजपा को सत्ता से बाहर करने में होंगे कामयाब
लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी हसमुख चौधरी ने चुनावी आगाज करते हुए कहा कि मौजूदा केंद्र की मोदी और राज्य की गठबंधन सरकार को चलता करने के लिए अभी से कमर कस लें। उन्होंने कहा कि जिस तरह से यहां भारी हुजूम उमड़ा है वो इस बात का सूचक है कि जनता आगामी चुनावों में सरकार से बदला लेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि वे घर-घर जाकर सरकार की जनविरोधी और कांग्रेस की जन कल्याण नीतियों को पहुंचाएं। एकजुटता के जरिये ही भाजपा को सत्ता से बाहर करने में कामयाब होंगे।
ये रहे मौजूद
पूर्व विधायक कर्नल रघुबीर छिल्लर, पूर्व विधायक नृपेंद्र मांढ़ी, राजू मान, जितेंद्र मांढ़ी, दलबीर गांधी, डॉ. ओमप्रकाश, धर्मेंद्र, रामअवतार खोरडा, सरपंच एसोसिएशन अध्यक्ष रामचंद्र उमरवास समेत अन्य पदाधिकारी व कायकर्ता बैठक में मौजूद रहे।