बाढड़ा। पुलिस अधीक्षक नितिका गहलोत शनिवार को बाढड़ा थाने में पहुंची। वहां उन्होंने आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में जनसमस्याएं सुनीं और जांच अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं, इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाने का निरीक्षण कर पौधारोपण भी किया।
इस दौरान क्षेत्र के लोग अपनी शिकायतें लेकर शिविर में पहुंचे और एसपी को पूरी स्थिति से अवगत करवाया। इस दौरान फरियादियों ने घरेलू हिंसा, अवैध शराब बिक्री, छात्राओं से छेड़छाड़, दुकानों की जमीन को लेकर विवाद, कंपनी द्वारा रुपयों का फ्रॉड करने, होटलों में अनैतिक कार्य किए जाने आदि से संबंधित शिकायतें एसपी के समक्ष रखीं। जिस पर उन्होंने गंभीरता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई का आदेश दिया। अवैध शराब बिक्री, छात्राओं से छेड़छाड़ के मामलों को लेकर उन्होंने सख्ती दिखाते हुए कहा कि इस प्रकार के मामले किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे इन पर त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस अधीक्षक ने सरकारी कॉलेज के समीप व रास्तों पर पीसीआर व राइडर की गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने शिविर में मौजूद सरपंचों व दूसरे मौजिज लोगों से आह्वान किया कि वे नशा करने वाले लोगों को जागरूक करने के लिए नशामुक्त अभियान चलाएं और नशीले पदार्थ बेचने वालों के बारे में पुलिस को सूचित करे ताकि नशा करने वालों व बेचने वालों पर अंकुश लगाया जा सके। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में बाढड़ा डीएसपी देशराज, बाढड़ा एसएचओ कप्तान सिंह व दादरी जिला परिषद के चेयरमैन मनदीप डालावास के अलावा सतीश भांडवा, पंचगांव सरपंच शमशेर सिंह, गोपी सरपंच अधिवक्ता कुलबीर श्योराण, भांडवा सरपंच कृष्ण सोनी, मंगल गोपी, जेवली सरपंच सोमेश, बिजेंद्र आदि मौजूद रहे।
बस स्टैंड पर होगी पीसीआर व राइडर तैनात
शिविर के बाद बाढड़ा बस स्टैंड पर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए एसपी ने कहा कि वे बस स्टैंड पर सीसीटीवी लगवाने के लिए संबंधित से बात की जाएगी। वहीं, पुलिस पीसीआर व राइडर की तैनाती शनिवार से ही कर दी गई है।