संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले में बारिश का कुल आंकड़ा 500 एमएम पार पहुंच चुका है। वहीं, जलभराव से खरीफ की फसलों में नुकसान हुआ है और इसकी भरपाई के लिए सभी 168 गांवों के लिए क्षतिपूर्ति पोर्टल खुल चुका है। दो दिन पहले ही राजस्व विभाग ने 135 और गांवों के लिए पोर्टल खोलने की अपील सरकार से की थी और इस संबंध में निदेशालय से पत्राचार हुआ था।
पत्र में बताया गया है कि हाल ही में लगातार हो रही बारिश की वजह से गांवों की संख्या बढ़ी है। राजस्व विभाग क्षतिपूर्ति पोर्टल पर नुकसान का विवरण दर्ज करवाने वाले किसानों की फसल को वेरिफाई करेगा और उसके बाद रिपोर्ट मुआवजा के लिए चंडीगढ़ भेजी जाएगी।
वैसे दादरी जिले का कृल कृषि योग्य रकबा एक लाख 22 हजार 370 हेक्टेयर क्षेत्र है। मोटा अनाज बाजरा की बिजाई एक लाख 25 हजार एकड़ में है। इसी प्रकार धान का रकबा करीब 30 हजार एकड़ है। इनके अलावा कपास, मूंंग,ज्वार, ग्वार आदि का रकबा है।