चरखी दादरी। जिले के 16 गांवों को जल्द ही सामुदायिक केंद्रों की सौगात मिलेगी। पंचायत विभाग की इस योजना को सरकार ने अनुमति दे दी है। इतना ही नहीं ग्रांट की पहली किस्त भी जारी कर दी गई है। अब पंचायती राज विभाग की ओर से इस योजना को धरातल पर परवान चढ़ाने की कवायद जल्द शुरू की जाएगी। गांवों में सामुदायिक केंद्रों का निर्माण होने से करीब 1.10 लाख की आबादी को फायदा मिलेगा। सामुदायिक केंद्रों के निर्माण पर कुल 35.54 करोड़ की ग्रांट खर्च की जाएगी।
बता दे कि गांवों में सामुदायिक केंद्रों की विशेष जरूरत होती है। इन केंद्रों में ग्रामीण सभा व अन्य कार्यक्रम आयोजित होते हैं। सरकार की ओर से गांवों में ज्ञान केंद्र भी बनाए जा रहे हैं जिनमें बैठकर लोग समाचार पत्र आदि पढ़ सकते हैं। इसके अलावा सरपंच भी अपना कामकाज निपटा सकते हैं। ज्ञान केंद्रों में आने वाले समय में वाईफाई की सुविधा भी शुरू होगी। अब गांवों में सुविधाओं का दायरा बढ़ाने के लिए सरकार के निर्देशों पर सामुदायिक केंद्रों का निर्माण कराने की कवायद भी जल्द शुरू हो जाएगी। सामुदायिक केंद्र बनने का फायदा समाज के हर वर्ग को होगा।
दरअसल, जिले में इन 16 गांवों में सामुदायिक केंद्र का निर्माण मुख्यमंत्री मनोहर लाल की घोषणा अनुसार होगा। मुख्यमंत्री की घोषणा को परवान चढ़ाने के लिए सरकार ने सामुदायिक केंद्रों के निर्माण की पहली किस्त के रूप में 17 करोड़ 64 लाख रुपये जारी किए हैं। अब जल्द ही निर्माण के लिए अगली प्रक्रिया शुरू होगी। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि एक अप्रैल से पहले धरातल पर काम शुरू करवा दिया जाएगा।
जानिये...किस गांव में कितनी लागत से बनेगा सामुदायिक केंद्र
गांव - राशि टिकान कलां- 25,75,1000
दगड़ौली-2,74,40,000
बौंदकलां- 14,14,6000
छपार-54,69,000
खातीवास-2,55,58,000
बलकरा-2,54,52,000
गोठड़ा-2,54,14,000
मौड़ी-2,53,86,000
नीमली-2,56,14,000
इमलोटा-2,51,68,000
सांकरोड-2,51,15,000
कलाली-2,41,66,000
बीजना-2,51,52,000
जावा-2,46,97,000
बधवाना-2,43,81,000
रामलवास-65,01,000
- पंचायतों की सहमति से होगा जगह चयन
ये सामुदायिक केंद्र सीएम घोषणा के तहत बनने हैं। इसके लिए जल्द ही टेंडर अलॉट होने हैं। इसके लिए पंचायतों की सहमति से जगह का चयन किया जाएगा। पंचायत की ओर से जमीन का प्रस्ताव पारित करने के बाद अगली प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
सीएम घोषणा के तहत यह 35 करोड़ से अधिक की राशि मंजूर हुई है। सरकार ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार गांवों को शहरी तर्ज पर विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
सोमबीर सांगवान, निर्दलीय विधायक, दादरी हलका फोटो 13
वर्जन::
बाढड़ा हलके के गांवों में भी सामुदायिक केंद्र का निर्माण होना है। ग्रामीणों की यह मांग प्रमुखता से सरकार के समक्ष उठाई गई थी। प्रयास रहेगा कि गांवों में शहरी तर्ज पर अधिक से अधिक सुविधाएं ग्रामीणों को मुहैया करवाई जाए।
नैना चौटाला, जजपा विधायक, बाढड़ा हलका
प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही टेंडर प्रक्रिया संबंधी औपचारिकताएं पूरी कर दी जाएंगी। विभाग का प्रयास है कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जिले के 16 गांवों में सामुदायिक केंद्र बनाने की घोषणा को जल्द से जल्द परवान चढ़ाया जाए।
-भरत सिंह, एक्सईएन, पंचायती राज