गांव में सभा के दौरान मौजूद किसान नेता व ग्रामीण।
चरखी दादरी। 10 वर्ष पुराने ट्रैक्टरों को कबाड़ होने से बचाने, इनके चालान बंद करवाने व फसल मुआवजे की मांग को लेकर भाकियू ने गांवों में किसान सभाएं की। किसान संगठन 27 फरवरी को ट्रैक्टरों के साथ नगर में विरोध-प्रदर्शन करेंगे। भाकियू लोकशक्ति प्रदेश महासचिव रणबीर फौजी घिकाड़ा, राजेंद्र डागर, व्यापार मंडल के प्रधान जयभगवान मस्ताना ने कई गांवों में जनसभाएं की। ग्रामीणों को 27 फरवरी को नई अनाज मंडी चरखी दादरी में ट्रैक्टरों के साथ पहुंचने की अपील की।
हरियाणा किसान संगठनों के संयोजक जगबीर घसौला ने कहा कि सीएम फ्लाइंग, आरटीओ व माइनिंग विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों के ट्रैक्टरों पर नाजायज रूप से लाखों रुपये जुर्माना किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर को कबाड़ किसी सूरत में नहीं करने देंगे। सरकार किसान की जिंदगी भर की खून पसीने की कमाई को कौड़ियों के भाव लूटने की साजिश रच रही है। इसका मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
जगबीर ने कहा कि किसानों को सर्दी के प्रकोप से खराब हुई फसलों की पूर्ति के लिए 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा मिलना चाहिए। इस दौरान गांव घिकाड़ा, साहूवास,फतेहगढ़, पैंतावास कला, पतावास खुर्द, डोहकी रासीवास, छपार, मानकावास अख्तियारपुर व चरखी में जनसभाएं की गई।