संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की दादरी शाखा ने वीरवार को विभिन्न विषयों को लेकर शहर में प्रदर्शन किया। इसकी अगुवाई रणधीर सिंह, राजकुमार, जयभगवान व कमलेश भैरवी ने की।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार की पूंजीवादी नीतियों के चलते सरकारी विभागों का निजीकरण किया जा रहा है। इससे आमजन का जीवन यापन करना दूभर होता जा रहा है। पार्टी जिला सचिव मंडल सदस्य करतार ग्रेवाल ने कहा कि एक तरफ तो सरकार रोजगार कम रही है, दूसरी तरफ महंगाई आसमान छू रही है। भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है।
वहीं, जनता का ध्यान बंटाने के लिए सांप्रदायिक माहौल बनाया जा रहा है। कुंभ मेले में मची भगदड़ के लिए मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री को जनता से माफी मांगनी चाहिए।
कमलेश भैरवी ने कहा कि एमएसपी की गारंटी का कानून लागू कराना, बकाया बीमा व मुआवजा का भुगतान करना, बिजली बिल व नई शिक्षा नीति रद्द करना, लेबर कोड रद्द करना, न्यूनतम वेतन 26 हजार लागू करना, शहर में बिजली-पानी का सुचारु प्रबंध करना और आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता, ग्रामीण सफाई कर्मियों को नियमित करना मांगें हैं।
प्रदर्शन में सुरेंद्र मोठसरा, जयबीर चाहार, अनोखी देवी, फतेह सिंह, ओम नंबरदार, सुरेंद्र आदमपुर, जयभगवान रावलधी आदि शामिल हुए।