संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। अनाज मंडी में लगातार दूसरे दिन भी सरसों की सरकारी खरीद नहीं हुई। आढ़तियों ने अनाज मंडी परिसर में बैठक की और 40 रुपये प्रति क्विंटल आढ़त देने पर असंतुष्टि जाहिर करते हुए हैंडलिंग एजेंट बनने से इन्कार कर दिया। आढ़ती एसोसिएशन का कहना है कि उनकी मांग पूरी होने तक वे सरसों की खरीद नहीं करेंगे और न ही गेटपास या टोकन कटने देंगे।
मंगलवार से प्रदेश की मंडियों में सरसों की सरकारी खरीद शुरू हो चुकी है। दादरी और बाढड़ा मंडी में दूसरे दिन भी सरसों की सरकारी खरीद नहीं हो पाई। अधिकारियों की मानें तो खरीद की तैयारियां पूरी रहीं, लेकिन मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकृत कोई किसान पैदावार लेकर मंडी नहीं पहुंचा।
वहीं, आढ़ती एसोसिएशन ने बुधवार को प्रधान रामकुमार रिटोलिया की अध्यक्षता में बैठक की और सरसों खरीद को लेकर मंथन किया गया। रामकुमार रिटोलिया ने कहा कि सरसों खरीद की आढ़त एजेंसी बेहद कम दे रही है और ये हमें मंजूर नहीं है। रामकुमार रिटोलिया व महासचिव विनोद गर्ग ने आढ़तियों को बताया कि प्रति क्विंटल आढ़त कम से कम 60 रुपये हो। इस मांग को सिरे चढ़ाने के लिए प्रदेश की सभी मंडियों के प्रधान व मौजिज लोग वीरवार को कुरुक्षेत्र में बैठक करेंगे। इसमें सीएम नायब सैनी के साथ बैठक कर मांग रखने पर मंथन किया जाएगा।
मंडी में हो रही निजी खरीद, गति धीमी
पोर्टल पर पंजीकृत कोई किसान सरसों की पैदावार लेकर मंडी नहीं पहुंचा है और इसके चलते लगातार दूसरी दिन भी सरकारी खरीद नहीं हुई। दूसरी ओर मंडी में सरसों की निजी खरीद जारी है। अब तक तीन हजार क्विंटल से अधिक सरसों की खरीद हो चुकी है।
सरसों खरीद को लेकर मंडी में तैयारियां पूरी हैं। बुधवार को लगातार दूसरे दिन पोर्टल पर पंजीकृत कोई किसान मंडी नहीं पहुंचा और इसके चलते सरकारी खरीद नहीं हो पाई। - राजेश कुमार, सहायक मैनेजर, हैफेड
मंडी में किसानों, श्रमिकों और आढ़तियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। सरसों बेचने के लिए आए किसी किसान को परेशानी नहीं आने दी जाएगी। - परमजीत नांदल, सचिव, मार्केट कमेटी
आढ़तियों को महज 40 रुपये आढ़त दी जा रही है जो मंजूर नहीं है। जब तक मांग पूरी नहीं होगी तब तक दादरी मंडी के आढ़ती सरसों खरीद में सहयोग नहीं करेंगे। वीरवार को राज्यस्तरीय बैठक कुरुक्षेत्र में होगी जिसमें आगामी फैसला लिया जाएगा। - रामकुमार रिटोलिया, प्रधान, दादरी अनाज मंडी एसोसिएशन