चरखी दादरी। शहर के होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा व अन्य खाद्य पदार्थ संचालकों को कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति न होने से कारोबार बंद होने की कगार पर पहुंच गया है। कारोबारियों का कहना है कि पिछले 25 दिनों से कारोबार लगातार कम होता जा रहा है। इसके कारण उनके पास दुकानों का किराया देने के भी लाले पड़ते जा रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति करवाने की मांग की है ताकि बंद होते कारोबार को बचाया जा सके।
सरकार की ओर से कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति 50 प्रतिशत बढ़ाने की घोषणा के बाद भी शहर स्थित खाद्य पदार्थों प्रतिष्ठानों पर आपूर्ति नहीं होने से दुकानदारों में रोष बना हुआ है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सिलिंडर नहीं मिलने के कारण धार्मिक अनुष्ठानों के लिए तैयार की जाने वाली सामग्री के आर्डर लेने भी बंद कर दिए हैं। वहीं हालात ऐसे बने हैं कि दुकान का किराया देने के लिए अन्य कार्यों के लिए जाना पड़ रहा है।दुकानदारों का कहना है कि अगर और लंबे समय तक सिलिंडर नहीं मिल पाते हैं, तब तो दुकानों पर ताला लगाने को मजबूर होना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि डीजल और कोयला भट्ठी से प्रदूषण फैलने की आशंका को देखते हुए अधिक नहीं चलाया जा रहा है। वहीं कुछ दुकानदारों ने कॉमर्शियल गैस एजेंसी संचालक पर अपने चहेतों को कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति करने के आरोप लगाए हैं।
क्या कहते हैं लोग
पिछले 22 दिनों से कॉमर्शियल सिलिंडर नहीं मिल पाया है। दुकान का किराया भी 20 हजार रुपये प्रति महीने देना होता है दुकान खुली व कारोबार चालू रखने के लिए बेटे ने श्रमिक के तौर पर काम करना शुरू कर दिया है। अब ऐसे में परिवार का पालन पोषण करना काफी मुश्किल बना हुआ है। घर का काम करने के बाद दुकान पर बैठना पड़ रहा है ताकि दुकान खुली नजर आए। - आशा देवी, दुकानदार की मां।
दुकानदारी चालू रह सके इसलिए बचे हुए दो कॉमर्शियल सिलिंडरों से केवल समोसे और पूरी बनाने का काम चलाया जा रहा है। नवरात्र पर्व के दौरान सवामणी का प्रसाद बनवाने के लिए दर्जन भर ग्राहक आए थे। लेकिन सिलिंडर नहीं होने के कारण बुकिंग नहीं ली गई। सिलिंडर न मिलने से कारोबार बंद होने की कगार पर पहुंचने लगा है।- सतबीर सैनी, मिष्ठान भंडार संचालक।
जिले की गैस एजेंसियों की शुक्रवार की स्थिति
एजेंसी का नाम कुल सिलिंडर वितरित बकाया स्टॉक इतने सिलिंडर आने है
अशोक गैस एजेंसी 519 508 00
दादरी गैस सर्विस 687 58 720
शहीद संजय सिंह गैस सर्विस 409 262 00
अटेला कलां इंडेन गैस 100 297 00
बधवाना गैस सर्विस 148 681 360
राज गैस एजेंसी 224 479 00
प्रेम भारत गैस ग्रामीण 331 23 360
सुमन एचपी गैस सर्विस 77 448 00
वर्सन :
हमने कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति के लिए संबंधित कंपनियों को पत्र जारी किया हुआ है। अगले सप्ताह तक शहर के खाद्य पदार्थों के प्रतिष्ठानों पर गैस की सप्लाई हो सकेगी। वहीं जिले की सभी गैस एजेंसियों में घरेलू गैस सिलिंडर पर्याप्त मात्रा में है। सुनील राठी, सप्लाई इंचार्ज, जिला खाद्य एवं पूर्ति विभाग, दादरी।