चरखी दादरी। शहर के दिल्ली रोड स्थित एनएच-334बी पर रामबाग के सामने मंगलवार अलसुबह करीब दो बजे दो डंपरों की टक्कर के बाद यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। हादसे के बाद दोनों भारी वाहन सड़क के बीचोंबीच खड़े हो गए जिसके चलते मुख्य मार्ग के दोनों ओर करीब आठ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सुबह 11 बजे यातायात व्यवस्था सुचारू हुई।
कई घंटे तक वाहन रेंगते हुए आगे बढ़े और जाम में फंसे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पैदल ही रास्ता तय करना पड़ा। करीब नौ घंटे तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। जानकारी के अनुसार यूपी निवासी डंपर चालक दाऊद गन्नौर से भवन निर्माण सामग्री खाली करने के बाद वापस खेड़ी बत्तर क्रशर जोन की तरफ जा रहा था।
चालक के अनुसार जब वह दिल्ली रोड स्थित एनएच-334बी से गुजर रहा था उसी दौरान सड़क के बीच बने गहरे गड्ढे में डंपर असंतुलित हो गया। इसी दौरान सामने से आ रहे दूसरे डंपर से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन सड़क के बीच ही रुक गए और मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। डंपर चालक दाऊद ने बताया कि सड़क के बीच बने गहरे गड्ढे के कारण वाहन को संभालना मुश्किल हो गया। अचानक डंपर का संतुलन बिगड़ने से वह सामने से आ रहे दूसरे डंपर से जा टकराया। हादसे के बाद दोनों भारी वाहन मुख्य मार्ग पर खड़े हो गए।
इससे कुछ ही समय में दोनों दिशाओं में वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। हादसे में दोनों डंपर चालकों के घायल होने की सूचना है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। वहीं सड़क के बीच भारी वाहनों के खड़े रहने के कारण यातायात को सामान्य करने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हाइड्रा की मदद से हटाया डंपर
हादसे के बाद सड़क से डंपर हटाने के लिए हाइड्रा की मदद ली गई। काफी मशक्कत के बाद एक डंपर को सड़क के किनारे खड़ा करवाया गया जिसके बाद वाहनों को धीरे-धीरे निकालने का रास्ता बनाया गया। इसके बावजूद मार्ग पर यातायात पूरी तरह सामान्य होने में कई घंटे लग गए। अलसुबह हादसा होने के कारण सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ता चला गया। देखते ही देखते दिल्ली बाईपास और एनएच-334बी पर वाहनों की कतार कई किलोमीटर तक पहुंच गई। दोनों तरफ करीब आठ किलोमीटर तक जाम लगने से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पैदल गंतव्य तक पहुंचे यात्री
जाम इतना लंबा था कि कई यात्री निजी व रोडवेज बस में बैठे रहने के बजाय पैदल ही गंतव्य की ओर निकल गए। बसों, निजी वाहनों और अन्य साधनों में सवार यात्रियों को लंबे समय तक जाम खुलने का इंतजार करना पड़ा। करीब नौ घंटे तक वाहन रेंगते नजर आए। इस दौरान गर्मी और उमस के बीच जाम में फंसे लोगों की परेशानी और बढ़ गई।
गड्ढे बने हादसों का कारण
स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर बने गहरे गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं। भारी वाहनों की लगातार आवाजाही वाले इस मार्ग पर सड़क की स्थिति खराब होने के कारण वाहन चालकों को परेशानी होती है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क के गड्ढों को जल्द भरवाने और मार्ग की मरम्मत करवाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों और जाम की स्थिति से बचा जा सके।
दूसरे डंपर की नंबर प्लेट पर ग्रीस की कालिख
हादसे में शामिल दूसरे डंपर में भवन निर्माण सामग्री भरी हुई थी। वाहन की नंबर प्लेट पर ग्रीस की कालिख लगी हुई थी, जिससे नंबर स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा था। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में इस बात को लेकर भी चर्चा रही। वहीं, सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही और उनकी स्थिति को लेकर भी स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए। हादसे के बाद पुलिस ने यातायात को सुचारु करने के लिए डंपरों को सड़क से हटाया गया।
वर्जन
ट्रकों की टक्कर के बाद जाम लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर पुलिसकर्मियों को भेजा गया और वाहनों के आवागमन को सुचारू करवाया गया।- इंस्पेक्टर विक्रांत, प्रभारी, ट्रैफिक थाना।
सड़क के बीच खड़ा क्षतिग्रस्त डंपर। - फोटो : 1