कार्यक्रम में बच्चों के साथ सेल्फी लेते मुख्ममंत्री
चरखी दादरी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को गांव पातुवास में बाढड़ा हलके के विधायक उमेद सिंह पातुवास की बेटी डॉ. दीक्षा के विवाह से पहले प्रीतिभोज में शिरकत की। मुख्यमंत्री का पातूवास पहुंचने का समय दोपहर 2.30 बजे था लेकिन शाम करीब 5 बजे पहुंचे। देरी का कारण यह रहा है कि भिवानी हवाई पट्टी पर दृश्यता कम होने के कारण हेलिकॉप्टर को हिसार में लैंड कराना पड़ा। वहां से वे सड़क मार्ग से पातुवास पहुंचे। सीएम ने रास्ते में ढाणी फोगाट में अपना काफिला रुकवा दिया। यहां ग्रामीणों से समस्याएं सुनीं और जिला उपायुक्त मनदीप कौर को समाधान के निर्देश दिए।
सीएम के साथ सेल्फी लेने की रही उत्सुकता
प्रीतिभोज कार्यक्रम में पहुंचने पर विधायक उमेद और सुनील सांगवान ने सीएम का स्वागत किया। विधायक के परिवार के सदस्यों और बच्चों में मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी लेने को लेकर उत्साह दिखाई दिया। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर बच्चों और युवाओं के चेहरे खिल उठे। परिवार के सदस्यों ने उनके साथ तस्वीरें भी खिंचवाईं। सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह, भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानी खेड़ा विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, भाजपा जिला अध्यक्ष राष्ट्रदीप परमार, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ोली, राज्यसभा सांसद सुभाष बराला और कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।