बाढड़ा में निजी अस्पताल में कार्रवाई के बाद बाहर आती सीएम फ्लाइंग टीम। संवाद
बाढड़ा। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता (सीएम फ्लाइंग) ने शुक्रवार शाम को कस्बे के जुई रोड स्थित एक अस्पताल में संचालित लैब में छापा मारा। यह कार्रवाई सीएम फ्लाइंग रोहतक प्रभारी सब इंस्पेक्टर पूनम रानी की अगुवाई में की गई। टीम में जिला स्वास्थ्य विभाग से डॉ. दयाल सिंह और पुलिस की ओर से एएसआई सोमबीर सिंह शामिल रहे।
निरीक्षण के दौरान टीम को लैब व अस्पताल में खामियां मिलने पर मामला दर्ज करने के लिए पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने अस्पताल-लैब संचालक डॉ. विनय कुमार के खिलाफ क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
टीम में शामिल डाॅ. दयाल सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार को जुई रोड स्थित एक निजी अस्पताल में संचालित एनपीएम डायग्नोस सेंटर पर छापा मारा गया। मौके पर टीम को अस्पताल संचालक व लैब तकनीशियन मिले। निरीक्षण में सामने आया कि अस्पताल के अंदर मौजूद लैब में ब्लड सैंपल, सीबीएस, एलएफटी, केएफटी टेस्ट मशीन, रिकाॅर्ड रजिस्टर व टेस्ट रिपोर्ट मिली लेकिन एमबीबीएस चिकित्सक या पैथॉलाजिस्ट चिकित्सक के हस्ताक्षर के बिना रिपोर्ट बनाई जा रही हैं।
चिकित्सक विजिट पर आने का हवाला दिया पर रिकाॅर्ड नहीं मिला : टीम ने जब अस्पताल संचालक से दस्तावेज दिखाने को कहा तो उन्होंने डीएमएलटी (डिप्लोमा इन मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी) का प्रमाण पत्र दिखाया। टीम को यहां सरकार से पंजीकृत या बीएमडब्ल्यू प्रमाण पत्र नहीं मिला।
शिकायत में बताया गया कि अस्पताल संचालक डॉ. विनय कुमार बीएएमएस डिग्रीधारक हैं जबकि यहां एलोपैथी उपचार दिया जा रहा है। अस्पताल संचालक ने बताया कि उनके यहां चिकित्सक विजिट पर आते हैं लेकिन उनसे संबंधित रिकाॅर्ड भी नहीं मिला। इससे पहले टीम ने कस्बे में एक निजी लैब पर भी जांच की।