दादरी साइबर क्राइम पुलिस की ओर से गिरफ्तार किए गए आरोपी। विज्ञप्ति
चरखी दादरी। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर मोबाइल फोन का विज्ञापन दिखाकर 1.44 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में वीरवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी असलम व सिकंदर मूलरूप से कालीरवण (हिसार) के रहने वाले है और वर्तमान में पानीपत के कृष्णा नगर में रह रहे हैं। गांव बुगना (हिसार) निवासी एक अन्य आरोपी दीपक फिलहाल पानीपत की बत्रा कॉलोनी में रहता है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि गांव घिकाड़ा निवासी राकेश कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसका बेटा कुनाल सांगवान भारतीय वायुसेना में अग्निवीर के रूप में केरल में तैनात है। गत 27 सितंबर को इंस्टाग्राम चलाते समय एक नामी कंपनी के मोबाइल फोन का विज्ञापन देखा। उसके बेटे ने विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क कर मोबाइल फोन खरीदने को कहा।
उस अनजान व्यक्ति ने उसके बेटे कुनाल को क्यूआर कोड भेज कर भुगतान करने को कहा। जिस पर उसने गूगल-पे के माध्यम से अलग-अलग ट्रांजेक्शन कर उस व्यक्ति के खाते में कुल 1 लाख 44 हजार 19 रुपये भेज दिए। अनजान व्यक्ति ने कहा कि अगर आपका मोबाइल आपको नहीं मिलेगा तो आपका पूरा पैसा आपके खाते में वापिस कर दिया जायेगा। उसका बेटा कुनाल उस व्यक्ति की बातों में आ गया तथा उसके बाद उन्होंने उसके बेटे से और रुपये भेजने की मांग की। तब उसे शक हुआ कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी थी। साइबर क्राइम पुलिस थाना में तैनात हेड कांस्टेबल विकास ने वीरवार को आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।