चरखी दादरी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव सीजेएम संजीव काजला ने बुधवार को भिवानी जिला कारागार का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया जबकि बंदियों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि जेल में किसी बंदी को कानूनी सहायता की आवश्यकता है तो प्राधिकरण उनकी मदद कर सकता है।
सीजेएम ने कहा कि आरोपी मामूली केस में कानूनी सहायता नहीं मिलने के कारण लंबे समय से जेल में रह रहा है तो वह विधिक सेवा प्राधिकरण की सहायता ले सकता है। सीजेएम संजीव काजला ने पुरुष बैरक का निरीक्षण किया। उन्होंने कैदियों के रहन-सहन, खाना, पानी, पुस्तकालय, साफ-सफाई व चिकित्सा सेवा का अवलोकन किया।
विज्ञापन
बंदियों व कैदियों से बातचीत में सीजेएम ने जेल में बिताई गई अवधि के बारे में पूछा। उन्होंने बंदियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सेवाओं के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने निर्देश दिए कि दादरी जिला के किसी बंदी को कानूनी मदद की आवश्यकता हो तो डीएलएसए से कार्यालय को सूचित किया जाए। इस अवसर पर जेल उप अधीक्षक राय साहब व अनिल शर्मा सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।