फोटो 21
दादरी नागरिक अस्पताल का क्षतिग्रस्त पिलर। संवाद
फोटो 22
पिलर से टूटकर गिरा मलबा व निकले लोहे के सरिये। संवाद
- लोक निर्माण विभाग से नागरिक अस्पताल भवन की मरम्मत का एस्टीमेट तैयार कर स्वास्थ्य विभाग ने 6 माह पहले भेजा था मुख्यालय, अब तक स्वीकृति मिली न बजट
- भवन की दीवारों में आईं दरारें, क्षतिग्रस्त पिलर से टूटकर गिर रहा मलबा
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी नागरिक अस्पताल का भवन खुद बीमार चल रहा है। इसके उपचार यानी मरम्मत के लिए करीब एक करोड़ रुपये विभाग को चाहिए। 6 माह पहले प्रस्ताव व एस्टीमेट मुख्यालय भेजा जा चुका है। अब तक स्वीकृति व बजट नहीं मिला है। समय रहते अगर भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो बड़ा नुकसान झेलना पड़ सकता है।
दादरी नागरिक अस्पताल के बीमार भवन के उपचार में देरी हो रही है। दूसरी ओर हर रोज अस्पताल भवन के खंभों से मलबा टूटकर गिर रहा है। दीवारों में आईं दरारें बढ़ती जा रही हैं। अस्पताल भवन की मरम्मत के लिए करीब एक करोड़ का बजट खर्च होगा। इस कार्य के लिए मुख्यालय से स्वीकृति और बजट दोनों ही मिलने का इंतजार है।
दादरी नागरिक अस्पताल भवन के निर्माण पर 9.86 करोड़ रुपये लागत आई थी। भाजपा सरकार ने पहले कार्यकाल में अस्पताल भवन का निर्माण शुरू किया था। पिछले करीब पौने तीन साल से अस्पताल भवन क्षतिग्रस्त है और अब तक इसकी सुध नहीं ली गई है।
- 4 दिसंबर 2024 को निरीक्षण करने पहुंची थी टीम
4 दिसंबर 2024 को लोक निर्माण विभाग के दो जेई की अगुवाई में टीम क्षतिग्रस्त भवन का जायजा लेने पहुंची थी। इसके बाद टीम ने करीब एक करोड़ का भवन मरम्मत एस्टीमेट तैयार कर स्वास्थ्य विभाग को सौंपा था। स्थानीय अधिकारियों ने एस्टीमेट मुख्यालय भेजकर बजट मांगा था, जो अब तक नहीं मिला है।
-मरम्मत में होने हैं ये काम
अस्पताल भवन के चारों तरफ बने खंभे क्षतिग्रस्त हैं। इन सबकी मरम्मत होगी। इसके अलावा, दीवारों को दुरुस्त किया जाएगा। प्रथम तल के कमरों में आईं दरारें खत्म की जाएंगी। क्षतिग्रस्त रेलिंग भी बदली जाएंगी।
- 1,000 से अधिक रहती है दैनिक ओपीडी
नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन 1,000 से ज्यादा मरीज यहां पहुंच रहे हैं। इनमें 150 से अधिक मरीज प्रतिदिन एक्स-रे भी करवाते हैं। वहीं, प्रतिदिन इमरजेंसी कक्ष में पांच से सात केस आते हैं। भवन क्षतिग्रस्त होने के चलते यहां हादसों का अंदेशा बना है।
वर्सन:
अस्पताल भवन की मरम्मत के लिए प्रस्ताव और एस्टीमेट मुख्यालय भेजा हुआ है। स्वीकृति व बजट मिलते ही लोक निर्माण विभाग की मार्फत मरम्मत कार्य करवा दिया जाएगा। उच्चाधिकारियों को स्थिति से अवगत करवा चुके हैं।
-डॉ. संजय गुप्ता, डिप्टी सीएमओ, दादरी स्वास्थ्य विभाग