लघु सचिवालय में नाकोर्ड कमेटी की बैठक लेते उपायुक्त मुनीश शर्मा व मौजूद अन्य अधिकारी। स्रोत : जनसंपर्क विभाग
- लघु सचिवालय में मंगलवार को आयोजित नाकोर्ड कमेटी की बैठक में जिला उपायुक्त मुनीश शर्मा ने दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले में जड़ से नशे को दूर करने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। इसके लिए नशे के धंधे व तस्करी में लिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई करें। जिले के युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सभी विभाग अपने स्तर पर कार्य करें। वहीं, नगर परिषद अधिकारी शहर में विभिन्न खाली स्थानों पर उगे भांग के पेड़ हटवाएं। ये निर्देश उपायुक्त मुनीश शर्मा ने दिए।
मंगलवार को लघु सचिवालय में नाकोर्ड कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि जिले में नशा की बुराई को मिटाने के लिए नशीले पदार्थ की बिक्री करने वाले असामाजिक तत्वों की धर-पकड़ और तेज की जाए। नशीले पदार्थ को बेचना व खरीदना दोनों ही दंडनीय अपराध है। इसलिए उन स्थानों की पहचान की जाए, जहां नशीले पदार्थ बेचे जा रहे हैं।
उपायुक्त ने कहा कि पुलिस विभाग नशीले पदार्थ बेचने वाले अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए मुस्तैदी से काम करें। इसके लिए जो लोग नशा से पीड़ित हैं, उनसे पूछताछ की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन के साथ-साथ विद्यालय व महाविद्यालय के विद्यार्थियों को नशा के खिलाफ जागरूक किया जाए। विभिन्न खाली स्थानों पर नगर परिषद अपने क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए भांग के पेड़ हटवाए।
- गंभीरता से काम कर रही पुलिस
डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि पुलिस इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। मानस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों को भी जांच में शामिल किया जाता है। इस पोर्टल पर नशा पीड़ित व्यक्ति भी उपचार के लिए आवेदन कर सकता है। युवाओं को नशे की लत से बचाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार की ओर से टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर-90508-91508 जारी किया गया है।