अखिल भारतीय सर्वजातीय झाझड़िया खाप की पंचायत रविवार को प्रधान राय सिंह झाझड़िया की अध्यक्षता में रोज गार्डन में आयोजित की गई। इसमें प्रदेश प्रधान प्रीतम भैरवी, सरपंच ईश्वर, सरपंच जयवीर सिवानी, राजस्थान प्रधान रामस्वरूप फौजी, राष्ट्रीय महिला प्रधान माया, समेर सिंह पटवारी, सरपंच रामस्वरूप बहल, राजेश गारनपुरा, सतबीर फौजी भिवानी, निहाल सिंह आदि उपस्थित रहे।
पंचायत में उपस्थित सभी ने मिलकर टीकरी बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों के लिए आटा, सब्जी, फल, दूध भेजने का निर्णय लिया। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील की है कि मन की बात को छोड़कर वो किसानों के मन की बात सुने। उन्होंने कहा कि किसान देश का अन्न दाता है और जिस देश में किसान, मजदूर दुखी होता है उस देश के राजा को अहंकार नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि खाप किसान आंदोलन का तन, मन और धन से समर्थन व सहयोग करेगी।