किसान आंदोलन के चलते इंटरनेट सेवा बंद होने पर बैंक, शिक्षण संस्थान, मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल, फैमिली आईडी बनाने और बिजली बिल भुगतान में लोगों को परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। वायु सेना में रिक्त पदों पर ऑनलाइन आवेदन करने में भी युवाओं के समक्ष दिक्कत पैदा हुईं। कुछ बैंकों से तो उपभोक्ताओं को मायूस लौटना पड़ा।
शनिवार को शहर व गांवों में इंटरनेट सेवा बंद रही, जिसके चलते कई बैंकों में कामकाज निपटाने में दिक्कतें आई। कुछ बैंकों में तो बीएसएनएल की ब्रॉडबेंड सेवा चल रही है जिसके चलता वहां इंटरनेट तो चला लेकिन स्पीड धीमी ही रही है। इसके चलते आवेदनों का निपटान करने में काफी अधिक समय लगा। आजकल ज्यादातर मोबाइल से ही पैसे की ट्रांजेक्शन करते हैं। नेट सेवा बंद होने से लोग ई-ट्रांजेक्शन नहीं कर पाए।
कैनरा बैंक के मैनेजर सुधीर कुमार ने अमर उजाला को बताया कि शनिवार को इंटरनेट धीमा चल रहा था इस वजह से थोड़ी परेशानी हुई। उन्होंने बताया कि बैंक में प्रतिदिन करीब 60 लाख रुपये का लेन-देन होता है। शनिवार को बैंक में करीब 200 ग्राहकों के काम निपटाए गए। हालांकि काम थोड़ा धीमी गति से हुआ।
बैंक ऑफ इंडिया के मैनेजर करतार सिंह ने बताया कि बैंक में बीएसएनएल की ब्रॉडबेंड सेवा है, जिससे आम दिनों की तरह कामकाज हुआ। ग्राहकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। उन्होंने बताया कि बैंक में करीब 150 ग्राहकों के बैंक से जुड़े काम निपटाए गए और करीब 70 लाख रुपये का लेन-देन हुआ।
युवाओं को आवेदन करने में हो रही परेशानी
इस समय भारतीय वायु सेना ने रिक्त पदों के लिए आवेदन मांग कर रखे हैं। 22 जनवरी से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया चल रही है, लेकिन इंटरनेट सेवा बंद होने से आवेदन करने में दिक्कत बन रही है। युवा नवीन कुमार, साहिल ने बताया कि उन्हें एयरफोर्स में सिपाही के पद पर आवेदन करना था लेकिन अब इंटरनेट बंद होने से दिक्कत बन रही है।
फसल पंजीकरण में आ रही बाधा
इंटरनेट बंद होने से रबी की फसलों का मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर पंजीकरण करने में दिक्कत पैदा हो गई है। गत 11 जनवरी से यह पंजीकरण प्रक्रिया जारी है अब अंतिम तिथि भी नजदीक आने वाली है। नेट सेवा बंद होने से दिक्कत बन रही है। काफी लोग बाजारों में नेट से ऑनलाइन कामकाज करवाते हैं लेकिन अब बाधा आ रही है।
परिवार पहचान पत्र बनवाने आए लोग लौटे मायूस
राज्य सरकार की ओर से प्रत्येक परिवार की परिवार पहचान पत्र बनवाए जाने के निर्देश हैं। अब इंटरनेट बंद होने से दिक्कत बन रही है। इस आईडी में 70 प्रतिशत लोगों के पर्सनल डाटा में त्रुटियां बनी हुई हैं जिन्हें ठीक करवाने के लिए लोग आए दिन अटल सेवा केंद्रों में चक्कर काटने को विवश हैं। अब नेट सेवा बंद होने से और भी दिक्कत हो गई है। गांव पैंतावास निवासी नरेश कुमार ने बताया कि उसने फैमिली आईडी में अपनी मां की आयु संबंधी त्रुटि को ठीक करवाना है लेकिन नेट सेवा बंद होने से काम नहीं हो रहा है।