चरखी दादरी। हरियाणा पुलिस के डीजीपी ओपी सिंह के मार्गदर्शन में चल रहे ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत जिला पुलिस ने झज्जर जिले के गांव मलिकपुर निवासी युवक के पास से अवैध पिस्तौल और कारतूस बरामद किए। मामले की जांच में पुलिस ने इसका सप्लायर भी गिरफ्तार किया, जो झज्जर के गांव दुबलधन का रहने वाला रोहित उर्फ भीमा है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि दादरी सीआईए स्टाफ में तैनात हेड कांस्टेबल विकास और उनकी टीम गत आठ दिसंबर को समसपुर चौक के समीप गश्त रह रही थी। उसी दौरान टीम को सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार के साथ दादरी-झज्जर रोड पर नेशनल हाईवे 152डी फ्लाईओवर के नीचे कहीं जाने की फिराक में खड़ा है।
जिस पर टीम तुरंत सूचना के अनुसार बताए गए स्थान पर पहुंची तो वहां मौजूद एक युवक टीम को देखकर भागने की कोशिश करने लगा। लेकिन टीम ने उसे काबू कर लिया। इस दौरान तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी पिस्तौल और मैगजीन में एक जिंदा कारतूस मिला। आरोपी की पहचान झज्जर जिले के गांव मलिकपुर निवासी आकिश उर्फ अंकुश के रूप में हुई थी। पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया कि उसने यह पिस्तौल व कारतूस झज्जर जिले के गांव दुबलधन निवासी रोहित उर्फ भीमा से खरीदा था।
सीआईए स्टाफ में तैनात हेड कांस्टेबल संदीप ने शुक्रवार को आरोपी रोहित उर्फ भीमा को गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।